नाथद्वारा में साहित्य मण्डल ने मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर किया अभिनन्दन
श्रीगंगानगर(सीमा सन्देश)। श्री सनातन सुख श्रेयस संस्थान के संस्थापक एवं वरिष्ठ लेखक व सनातन संस्कृति के विचारक पं. तनसुखराम शर्मा एवं राजकीय जिला पुस्तकालय के पुस्तकालयाध्यक्ष, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रामनारायण शर्मा को नाथद्वारा में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। श्री सनातन सुख श्रेयस संस्थान के अध्यक्ष मोहनलाल शर्मा ने बताया कि नाथद्वारा में साहित्य मंडल की ओर से आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम ‘हिन्दी पुरोधा-राष्ट्रभाषा सेनानी श्री भगवती प्रसाद देवपुरा स्मृति एवं राष्ट्रीय बाल साहित्य समारोह’ में पं. तनसुखराम शर्मा को ‘हिन्दी साहित्य भूषण’ की मानद उपाधि से विभूषित कर उनका अभिनन्दन किया गया। रामनारायण शर्मा को राष्ट्रभाषा हिन्दी के क्षेत्र में उनके अनुपम योगदान के फलस्वरूप ‘साहित्य सुधाकर’ की मानद उपाधि से अलंकृत किया गया। देशभर से पहुंचे प्रबुद्ध साहित्यकारों व विद्वानों की उपस्थिति में इन दोनों को मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर, श्रीफल, श्रीनाथ जी का चित्र व प्रसाद आदि भेंट कर सम्मानित किया गया। इन दोनों विद्वानों के सम्मान से श्रीगंगानगर शहर का सम्मान बढ़ा है। ज्ञातव्य है कि डॉ. रामनारायण शर्मा वैद्य पं. तनसुखराम शर्मा के शिष्य भी हैं। एक ही समारोह में गुरु-शिष्य का सम्मान होना भी एक उपलब्धि है।