पाक सीमा पर बीएसएफ व तस्करों में फायरिंग का मामला, संदिग्धों की तलाश
by seemasandesh
एक किलो 40 ग्राम हेरोइन का पैकेट फेंका था श्रीगंगानगर. हिन्दुमलकोट इलाके में सीमा सुरक्षा बल की मदनलाल पोस्ट पर रविवार की रात को भारत-पाक सीमा पर जवानों ने सजगता से हथियारबंद पाकिस्तानी तस्करों की तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। यहां जवानों पर तस्करों ने फायर किए और जवाबी फायर में तस्कर पाक सीमा में जा घुसे। मौके से एक पैकेट बरामद हुआ है। मामले में चार संदिग्धों की तलाश की जा रही है। इस मामले में बीएसएफ की ओर से थाने में मामला दर्ज कराया गया था। बीएसएफ के अधिकारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात 125वीं बटालियन की सीमा चौकी मदनलाल के इलाके में ड्यूटी पर तैनात बीएसएफ जवानों को तारबंदी के पास कुछ पाकिस्तानी तस्करों की हलचल दिखाई दी। जैसे ही सीमा प्रहरी ने तस्करों को ललकारा तो तस्करों ने वहां तैनात जवान पर फायरिंग शुरू कर दी। इधर मुस्तैद जवानों ने भी हौसला दिखाते हुए तस्करों पर जवाबी फायर किए। इस पर पाकिस्तानी तस्कर अपने नापाक इरादों को पूरा नहीं कर पाए और वहां से भाग खड़े हुए। इस घटना की सूचना बीएसएफ अधिकारियों को दी गई। बीएसएफ अधिकारी व जवान मौके पर पहुंचे और वहां आसपास इलाके में सर्च किया गया। मौके पर एक किलो 40 ग्राम मादक पदार्थ का एक पैकेट बरामद हुआ है। जो प्रथम दृष्टया हेरोइन प्रतीत होता है। इसके अलावा मौके से तस्करों के पैरों के निशान मिले हैं। इस संबंध में बीएसएफ के कंपनी कमांडर रविन्द्र प्रताप सिंह की ओर से हिन्दुमलकोट थाने में मामला दर्ज कराया था। इस घटनाक्रम को लेेकर दुल्लापुर कैरी निवासी सतनाम सिंह पुत्र रेशम सिंह, तीन सी निवासी सतनाम सिंह पुत्र जोगेन्द्र सिंह, पक्की निवासी बलविंद्र सिंह पुत्र गुरदीप सिंह व दुल्लापुर कैरी निवासी मुखत्यार सिंह पुत्र बग्गा सिंह पर संदेह जताया है। जिनकी तलाश की जा रही है। वहीं कुछ संदिग्धों से पूछताछ चल रही है।