बीकानेर
इंदिरा गांधी नहर के किसान एक बार फिर आंदोलन की ओर बढ़ रहे हैं। एक बार उग्र आंदोलन कर चुके किसान इस बार सिंचाई पानी के लिए फिर से एकजुट होने लगे हैं। आने वाले दिनों में ये बड़ा आंदोलन हो सकता है। बुधवार को खाजूवाला मंडी पूरी तरह बंद रही। तहसील के लगभग हर गांव से किसानों ने खाजूवाला पहुंचकर अपना समर्थन जताया। किसानों की नाराजगी को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया किया गया है।
दरअसल, इन दिनों खेत में फसल खड़ी है लेकिन पानी के अभाव में बर्बाद हो रही है। तेज सर्दी के कारण वैसे ही पौधों की बढ़वार प्रभावित हुई। अब पानी नहीं होने से बड़ा नुकसान होने वाला है। किसानों की मांग है कि उन्हें तीन बार पानी दिया जाए ताकि फसलों की प्यास बुझ सके। ऐसे में सिंचाई पानी की मांग को लेकर किसानों ने महापड़ाव शुरू कर दिया है। एसडीएम कार्यालय के आगे बुधवार सुबह से किसानों के एकत्र होने का सिलसिला शुरू हुआ जो शाम होते होते जबर्दस्त हो गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। किसान मजदूर व्यापारी संघर्ष समिति के नेतृत्व में हो रहे इस आंदोलन के तहत किसान अब खाजूवाला में ही रुक कर अपना आंदोलन करेंगे।