जयपुर
जयपुर का पूर्व राजपरिवार एक बार फिर से प्रॉपर्टी विवाद को लेकर चर्चा में है। पूर्व राजपरिवार की 100 करोड़ रुपए की संपत्ति को फर्जी दस्तावेजों से 20 करोड़ रुपए में बेचने का मामला सामने आया है। जमीन के पहले फर्जी दस्तावेज बनाए गए। इसके बाद उसका 20 करोड़ रुपए में सौदा कर दिया। प्रॉपर्टी का मामला पहले से कोर्ट में विचाराधीन है। जयपुर राजघराने की राजमाता पद्मिनी देवी, सांसद व राजकुमारी दीया कुमारी व पद्मनाभ सिंह की ओर से केयरटेकर ठाकुर नारायण सिंह ने बनीपार्क थाने में रिपोर्ट दी है।
पूर्व महाराजा सवाई भवानी सिंह के स्वामित्व की खसरा नंबर 428 गांव हथरोई में थी। 16 अप्रैल 2011 को उनकी मृत्यु के बाद संपत्ति पर राजमाता पद्मिनी देवी, दीया कुमारी व पद्मनाभ सिंह का अधिकार हो गया था। राजपरिवार की हथरोई गांव में करीब 100 करोड़ रुपए की संपत्ति है।