तीन मुख्य अभियुक्तों की पहचान, धरपकड़ के लिए छापेमारी
पेट्रोल पंपों की आज की हड़ताल वापस
श्रीगंगानगर। पेट्रोल पंप मालिक संजय भाटिया को गोली मारकर लाखों का कैश लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने वारदात का 36 घंटे में ही आज शाम खुलासा कर दिया।मुख्य अभियुक्तों के दो सहयोगी युवकों को गिरफ्तार किया गया है। तीन मुख्य अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है। उनकी धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।इस बीच गोली लगने से गंभीर घायल संजय भाटिया की हालत अभी भी स्थिर बनी हुई है। इस घटना के विरोध में जिला पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन द्वारा कल रविवार को की जाने वाली पेट्रोल पंप की 12 घंटे की हड़ताल को वापस ले लिया है। पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि परसों गुरुवार रात को नेहरू पार्क के नजदीक मुखर्जीनगर में हुई इस वारदात में तीन मुख्य अभियुक्तों का सहयोग करने के आरोप में पुरानी आबादी में टावर वाली गली में करणी माता मंदिर के समीप रहने वाले 19 वर्षीय मोहित उर्फ गोरिया पुत्र विनोद नायक तथा सुखवंत पैलेस सिनेमा के समीप रहने वाले साढे 18 वर्षीय मोनू पुत्र राजू सैन को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ कर तीन अन्य अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है। पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में लगी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मोहित और मोनू ने इस वारदात में सहयोगी की भूमिका निभाई है। दोनों कई दिनों से संजय भाटिया के रात को पेट्रोल पंप से अपने घर जाने की रैकी कर रहे थे।घटना वाले दिन दोनों संजय भाटिया की कार का पीछा करते हुए उसकी लोकेशन अपने तीन साथियों को दे रहे थे। मुखर्जीनगर में जब श्री भाटिया रात्रि लगभग 9 बजे अपने दिव्यांग पुत्र के साथ कार में घर पहुंचे तो कैश लूटने के लिए इनके दो साथियों ने गोली मार दी। संजय भाटिया के माथे में गोली लगी। उनकी हालत काफी नाजुक है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस वारदात के अभियुक्तों का पता लगाने के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। शहर में विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को चेक किया गया। वारदात में शामिल युवकों का पता लगाने में कोतवाली के सिपाही राकेश भुंवाल, जसदीपसिंह,पुरानी आबादी थाना के अश्विनी और जिला विशेष पुलिस दल (डीएसटी) का अहम योगदान रहा। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए दोनों युवक आवारा किस्म के हैं। इनके साथ मिलकर तीन अन्य युवकों ने इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। घटना के समय संजय संजय से कैश का बैग छीनते समय दो युवक ही थे। इनका तीसरा साथी पीछे मोटरसाइकिल से उतर गया था। वारदात होने के बाद मोहित और मोनू घर चले गए। बाकी तीनों युवकों के पंजाब अथवा हरियाणा की तरफ भाग जाने की सूचना है। सूत्रों ने बताया कि इन तीनों के मोबाइल फोन नंबर मिल गए हैं,जिनकी लोकेशन को ट्रेस आउट किया जा रहा है। अभी तक पुलिस ने खुलासा नहीं किया है कि बैग में कितना कैश था।अन्य सूत्रों के मुताबिक साढ़े तीन से चार लाख रुपए थे। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समीप गुरचरण लाल एंड संस के मालिक संजय भाटिया परसों गुरुवार पेट्रोल पंप से दिनभर की बिक्री का कैश लेकर रात 9बजे अपने घर पहुंचे थे। श्री भाटिया एक निजी अस्पताल के आईसीयू वार्ड में उपचाराधीन हैं। उनकी हालत लगातार क्रिटिकल हो रही है। एक सूत्र ने बताया कि आज उनकी एमआरई की गई। उनके सिर में क्लोट बताया गया है। श्री भाटिया को इलाज के लिए अन्यत्र ले जाने पर विचार हो रहा है।उधर, पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आशुतोष गुप्ता ने कहा कि पुलिस ने महज 36 घंटे में पूरे गिरोह का पता लगा लिया और दो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस तत्परता से एसोसिएशन संतुष्ट है। उम्मीद है कि बाकी तीन भी जल्दी पकड़े जाएंगे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को देखते हुए एसोसिएशन ने कल रविवार को सुबह 6 से शाम 6 बजे तक जिले भर में पेट्रोल पंप बंद रखने के आह्वान को वापस ले लिया है।