नोहर (सीमा सन्देश)। केंद्रीय विद्यालय नौसेना बाग विशाखापत्तनम के प्राचार्य निशिकांत अग्रवाल को गृह मंत्रालय के राज भाषा विभाग के अति प्रतिष्ठित राजभाषा गौरव पुरस्कार 2021 से सम्मानित किया गया है। निशिकांत अग्रवाल मूल रूप से हनुमानगढ़ जिले के नोहर के निवासी हैं। यह पुरस्कार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 14 सितंबर को आयोजित भव्य हिंदी दिवस समारोह में प्रदान किया। पुरस्कार स्वरूप उन्हें 25 हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी दिए गए। केंद्रीय विद्यालय संगठन के वे पहले कर्मचारी हैं। जिन्हे इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। विदित्त रहे कि पूर्व में निशिकांत अग्रवाल अपने यूटयूब चैनल किस्सागोई को लेकर चर्चा में रहे हैं। जिसके लिए पिछले वर्ष प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं ट्वीट कर उनकी प्रशंसा की थी। उन्हे यह पुरस्कार संवाद पत्रिका में पिछले वर्ष प्रकाशित उनके उत्कृष्ट लेख आत्मनिर्भर भारत में भारतीय भाषाओं का महत्व के लिए दिया गया है।