बारां
ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से रोडवेज बस में सफर कर रही लड़की का हाथ बाजू से कटकर सड़क पर जा गिरा। उसका हाथ खिड़की से बाहर निकला हुआ था। दर्द से बिलखती लहूलुहान लड़की और उसकी एक सहेली को बस ड्राइवर वहीं उतारकर चला गया। रोती-बिलखती सहेली ने राहगीरों से मदद मांगी, लेकिन कोई आगे नहीं आया।
फिर उसने बारां में रहने वाली अपनी दूसरी सहेली को कॉलकर बुलाया। दोनों सहेलियां घायल युवती और कटे हाथ को बैग में रखकर 8 किलोमीटर दूर बारां जिला हॉस्पिटल पहुंची। युवती की हालत गंभीर होने के चलते उसे कोटा रेफर कर दिया। उसकी जान तो बच गई, लेकिन हाथ नहीं जोड़ा जा सका। फिलहाल कोटा जिला हॉस्पिटल में युवती का इलाज चल रहा है।
बारां जिला हॉस्पिटल चौकी पर तैनात कांस्टेबल सुकेश चौधरी ने बताया कि मांगरोल निवासी ज्योति (18) पुत्री अमर चंद के साथ बुधवार शाम हादसा हुआ था। वह निजी कॉलेज से बीए फर्स्ट ईयर में स्टडी कर रही है। वह कॉलेज में पढ़ने वाली एक सहेली के साथ बारां गई थी। शाम करीब 7 बजे बारां डिपो की रोडवेज बस से दोनों घर लौट रही थी। सफर के दौरान ज्योति ने खिड़की से हाथ बाहर निकाल रखा था। तभी मांगरोल रोड पर बस के पास से ट्रैक्टर ट्रॉली निकली। ट्रॉली में लगी लोहे की एंगल की चपेट में आने से हाथ बाजू से कट गया।