टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने इतिहास रच दिया है। टीम ने 41 साल के सूखे को खत्म करते हुए भारत को हॉकी में ब्रॉन्ज मेडल दिलाया है। ओलिंपिक में भारत की हॉकी टीम को आखिरी पदक 1980 में मॉस्को में मिला था, जब वासुदेवन भास्करन की कप्तानी में टीम ने गोल्ड जीता था। टीम इंडिया ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में जर्मनी को 5-4 से हराया। भारतीय टीम की इस जीत से देश भर में खुशी की लहर है। इस खास मौके पर शाहरुख खान, अक्षय कुमार समेत कई बॉलीवुड सेलेब्स ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर भारतीय पुरुष हॉकी टीम को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी है।
शाहरुख खान ने पोस्ट शेयर कर लिखा, “बहुत खूब। भारतीय पुरुष हॉकी टीम को इस जीत की ढेर सारी बधाई। लचीलापन और कौशल अपने चरम पर है। क्या रोमांचक मैच था।” अक्षय कुमार ने लिखा, “भारतीय पुरुष हॉकी टीम को इतिहास रचने पर ढ़ेर सारी बधाई। 41 साल बाद ओलंपिक में पदक। क्या मैच था, गजब की वापसी।” इनके अलावा भी कई सेलेब्स ने पोस्ट शेयर कर भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बधाई दी है।