लीमा। मनु भाकर, रिदम सांगवान और नामया कपूर की तिकड़ी ने आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैम्पियनशिप में भारत के शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखते हुए 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत लिया। भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक के मुकाबले में अमेरिका को 16-4 से हराया। देश को 20वां पदक पुरूष ट्रैप टीम स्पर्धा में मिला जिसमें भारतीयों को फाइनल में इटली से 4-6 से हार के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा। बख्तयारूद्दीन मालेक, शार्दुल विहान और विवान कपूर की जोड़ी ने क्वालीफिकेशन में सात टीमों में दूसरे स्थान पर रहकर फाइनल के लिये क्वालीफाई किया था। जिसमें उन्होंने 525 में से 473 अंक जुटाये थे।
इटली ने क्वालीफिकेशन में 486 के स्कोर से शीर्ष पर रहकर क्वालीफाई किया था। इससे पहले मनु ने इस स्पर्धा में चौथा स्वर्ण जीता और उसने एक कांस्य पदक भी जीता है। वहीं 14 वर्ष की कपूर का यह दूसरा स्वर्ण है। उसने 25 मीटर पिस्टल व्यक्तिगत वर्ग में भी स्वर्ण जीता था। भारत ने पुरूषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में रजत जीता जब आदर्श सिंह अमेरिका के हेनरी टर्नर लेवेरेट से फाइनल में हार गए। भारत अब तक नौ स्वर्ण, आठ रजत और तीन कांस्य जीतकर अंकतालिका में शीर्ष पर है।