Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

भारत ने लिया वर्ल्ड कप की हार का बदला:एशिया कप में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया, हार्दिक ने लगाया विनिंग सिक्स

टीम इंडिया ने पाकिस्तान से पिछले टी-20 वर्ल्ड कप में मिली हार का हिसाब चुकता कर दिया है। भारत ने एशिया कप के ग्रुप ए मैच में पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में 5 विकेट से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने वाली पाक टीम 19.5 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारत ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। पाकिस्तान ने टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में भारत को 10 विकेट से हराया था।

हार्दिक पंड्या भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो साबित हुए। उन्होंने गेंदबाजी में कमाल करते हुए तीन विकेट लिए थे। इसके बाद दबाव भरे पलों में बेहतरीन पारी खेलते हुए 17 गेंदों पर 33 रन बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।

आखिरी ओवर का रोमांच
टीम इंडिया को जीत के लिए आखिरी ओवर में 7 रन चाहिए थे। पहली ही गेंद पर रवींद्र जडेजा बोल्ड हो गए। दूसरी गेंद पर दिनेश कार्तिक एक रन लेकर हार्दिक को स्ट्राइक दे दिया और पंड्या ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।