भीलवाड़ा
भीलवाड़ा के आसींद थाना क्षेत्र के लाछुड़ा गांव में बुधवार दोपहर को एक खदान ढह गई। 7 मजदूर मलबे में दब गए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद आनन-फानन में प्रशासन मौके पर पहुंचा। मजदूरों को मलबे से बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों ने विरोध भी शुरू कर दिया है। आरोप है कि प्रशासन को इस अवैध खनन खदान के बारे में कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन अधिकारियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। आज यह खदान ढह गई
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार लाछुड़ा गांव में नूर मोहम्मद के खेत में एक अवैध खदान संचालित हो रही थी। खदान से पत्थर निकाला जाता है। इसे संग्राम सिंह नाम का व्यक्ति संचालित कर रहा था। बुधवार दोपहर में खुदाई चल रही थी। खदान के आस-पास कोई सुरक्षा दीवार नहीं बनाई गई थी। ऐसे में जिस खेत में माइनिंग हो रही थी, उसके पास के खेत की की मिट्टी खदान में ढह गई। हादसा करीब एक बजे हुआ। काम कर रहे करीब 3 महिलाएं और 4 पुरुष मजदूर इस मलबे में दब गए।

हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू
मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन ने खदान में तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। खदान के ढहने की सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई है। इससे लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई।बताया जा रहा है कि सभी मजदूर 50 से 80 फीट की गहराई में दबे बताए जा रहे हैं। JCB से मलबा बाहर निकालने में दिक्कत आ रही है। अब पोकलेन मशीन मंगवाई गई है।