जयपुर
कटरीना कैफ को लेकर विवादित बयान देने और सरकार से नाराजगी को लेकर चर्चित सैनिक कल्याण राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) राजेंद्र गुढ़ा के तेवर नरम हो गए हैं। गुढ़ा ने बुधवार को प्रदेश प्रभारी अजय माकन और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात के बाद सरकारी गाड़ी वापस ले ली है। माकन से मुलाकात के बाद गुढ़ा सरकारी गाड़ी से अपने क्षेत्र में गए। पहले नाराजगी दिखाते हुए गुढ़ा ने सरकारी गाड़ी लौटा दी थी। जबकि इससे पहले झुंझुनूं में हुए एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि माकन बुला रहे हैं लेकिन भाई गया नहीं।
बुधवार को अजय माकन के सामने गुढ़ा ने बसपा से कांग्रेस में आने वाले अन्य पांच विधायकों को भी सम्मानजनक पद देने की मांग उठाई। हालांकि अभी सचिवालय में जाकर उन्होंने राज्य मंत्री का चार्ज नहीं संभाला है। कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही वे चार्ज भी संभाल लेंगे।