वन विभाग की लकड़ी खुर्द-बुर्द करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी रिमांड पर
by seemasandesh
बरामदगी के प्रयासों में जुटी पुलिस हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। वन विभाग की सरकारी लकड़ी को कोहला डिपो में जमा न करवाकर चोरी कर अन्यत्र ले जाने के मामले में करीब एक साल बाद गिरफ्तार किए गए आरोपी को टाउन पुलिस ने शनिवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड मंजूर करवाया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी सन्दीप पोटलिया (29) पुत्र हेतराम जाट निवासी जाखड़ांवाली पीएस पीलीबंगा से पूछताछ में जुटी है। टाउन थाना प्रभारी दिनेश सारण ने बताया कि 17 अगस्त 2020 को क्षेत्रीय वन अधिकारी कार्यालय हनुमानगढ़ टाउन के वन रक्षक जगदीश सिंह (37) पुत्र सन्तोख सिंह रायसिख निवासी वार्ड नम्बर 2, चक 13 केएसपी भूनावाली ढाणी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि एनडीआर नहर किनारे गिरी पड़ी लकड़ी विभागीय कार्य ईकाई डिपो कोहला में जमा करवाई जा रही थी। इसके बारे में उनकी ओर से क्षेत्रीय वन अधिकारी विभागीय कार्य ईकाई हनुमानगढ़ से प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर जमा करवाए गए रेहड़ों की प्राप्ति रसीद व कांटा पर्ची चाही गई थी। डिपो प्रभारी विभागीय कार्य ईकाई कोहला की रिपोर्ट अनुसार 60 क्विंटल वजनी देसी कीकर के 11 नग व 160 क्विंटल वजनी सफेदे के 21 नग वाले दो रेहड़े विभागीय कार्य ईकाई कोहला में जमा नहीं हुए। इस नहर पर सन्दीप पोटलिया पुत्र हेतराम जाट निवासी जाखड़ांवाली तहसील पीलीबंगा परिवहन का कार्य करवा रहा था। सन्दीप पोटलिया रेहड़ों में भरी 220 क्विंटल लकड़ी को विभागीय डिपो में जमा न करवाकर चोरी कर अन्यत्र ले गया। थाना प्रभारी सारण ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर सन्दीप पोटलिया के खिलाफ भादंसं की धारा 407 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के बाद शुक्रवार को संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश कर पीसी रिमांड मंजूर करवाया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से लकड़ी बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे। आरोपी सन्दीप पोटलिया राजकार्य में बाधा पहुंचाने व मारपीट करने के मामले में भी नामजद है। उस मामले में भी आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।