जयपुर
पिछले दिनों हुई बारिश के बाद राजस्थान में सर्दी के तेवर तेज होने लगे हैं। शनिवार को सभी स्थानों पर मौसम साफ रहा। तेज धूप निकली, लेकिन अधिकांश शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा सर्द रात सीकर जिले के फतेहपुर में रही, जहां न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इधर, शेखावाटी बेल्ट के जिलों में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। जयपुर समेत उत्तरी राजस्थान के जिलों में आज सुबह सर्दी कुछ ज्यादा थी।
जयपुर मौसम केन्द्र से जारी रिपोर्ट देखें तो आज चूरू में न्यूनतम 7.6, सीकर में 8 और झुंझुनूं के पिलानी में 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में शुक्रवार रात तापमान 2 डिग्री सेल्सियस गिरकर 14 से 12.2 पर पहुंच गया। जोधपुर, टोंक, डूंगरपुर, जालौर, सिरोही को छोड़कर शेष जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अगले 4 दिनों तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। धूप भी खिलेगी, जिससे दिन का तापमान बढ़ेगा।