Friday, May 1निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

वैक्सीन लगवाने से पहले न लें पेनकिलर्स, यह टीके के असर को कम कर सकती है; साइड इफेक्ट दिखने पर एक्सपर्ट की सलाह से ही दवाएं लें

वैक्सीन लगवाने से पहले पेनकिलर्स न लें। यह चेतावनी विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने सोशल मीडिया पर चल रही एक अफवाह का खंडन करते हुए दी है। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाह में दावा किया जा रहा है कि वैक्सीन लेने से पहले पेनकिलर्स लें। ये दवा वैक्सीन के साइड इफेक्ट को कम करती है, जबकि यह दावा गलत है।

असर कम हो सकता है
यूरोन्यूज को दिए एक बयान में WHO ने कहा है कि किसी भी शख्स को वैक्सीन लेने से पहले पेनकिलर लेने की सलाह नहीं दी गई है। ऐसा करने पर वैक्सीन पर असर कम हो सकता है। साइड इफेक्ट्स रोकने के लिए वैक्सीनेशन से पहले पैरासिटामॉल जैसे पेनकिलर्स लेने की बात भी कभी नहीं कही गई।

सिर्फ ऐसी स्थिति में लें पेनकिलर्स
विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है, वैक्सीन लगवाने के बाद कुछ खास लक्षण जैसे दर्द, बुखार, सिरदर्द और मांसपेशियों में दर्द होने पर ही पेनकिलर्स ले सकते हैं, वो डॉक्टरी सलाह के बाद। वैक्सीन लगने के बाद कुछ लोगों के हाथ में सूजन, सिरदर्द, थकान जैसे नाम मात्र के साइड इफेक्ट दिख सकते हैं। ऐसा होने पर डॉक्टर से सलाह लें।

जब तक लक्षण न दिखें दवाएं न लें
ट्रिनिटी कॉलेज डबलिन के प्रोफेसर ल्यूक ओ’नील कहते हैं, वैक्सीन लगने के बाद जब तक कोई लक्षण न दिखें तब तक कोई भी दवा लेने की जरूरत नहीं है। अगर पहले से किसी तरह की दवाएं ले रहे हैं तो वैक्सीन लगवाने से पहले डॉक्टर की सलाह लें।

डॉक्टर्स कुछ ही लोगों को एंटीहिस्टामाइंस दवा लेने की सलाह देते हैं ताकि स्किन पर पड़ने वाले रैशेज और एलर्जी को रोका जा सके। इनके अलावा वैक्सीन से पहले आम लोगों को किसी तरह की दवा लेने की जरूरत नहीं है।

जर्नल वायरोलॉजी में पब्लिश रिसर्च के मुताबिक, दर्द कम करने वाली दवाएं इम्यून रिस्पॉन्स में रुकावट डालती हैं। ऐसा होने पर शरीर में एंटीबॉडीज कम संख्या में बनती हैं। चूहे पर हुई स्टडी में यह बात साबित भी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *