Saturday, May 2निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

शंकर नगर जीएसएस हादसे में कर्मचारी की मौत का मामला

आर्थिक सहायता की मांग को लेकर प्रदर्शन

  • जीएसएस में सुरक्षा उपकरण नहीं होने से नाराज कॉलोनीवासियों ने किया प्रदर्शन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन की शंकर नगर कॉलोनी स्थित जीएसएस में हुए हादसे में झुलसे कर्मचारी की मौत के बाद आक्रोशित कॉलोनीवासियों ने रविवार को जीएसएस के समक्ष एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। कॉलोनीवासियों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए विद्युत निगम के अधिकारियों को कर्मचारी की मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए जमकर नारेबाजी की। उन्होंने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने व शंकर नगर कॉलोनी स्थित जीएसएस में सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाने की मांग की ताकि भविष्य में इस हादसे की पुनर्रावृत्ति न हो। इस मौके पर शंकर नगर वेलफेयर सोसायटी अध्यक्ष प्रदीप तिवाड़ी ने आरोप लगाया कि जीएसएस पर सुरक्षा उपकरण नहीं होने के कारण कर्मचारी राजेश कुमार मौत के मुंह में चला गया। कर्मचारी राजेश की मौत के जिम्मेवार विद्युत निगम के अधिकारी हैं। बावजूद इसके निगम के अधिकारी यह कहकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं कि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे। तिवाड़ी ने बताया कि शंकर नगर कॉलोनी में 33 हजार वोल्टेज की विद्युत लाइन कॉलोनी के बीच से गुजर रही है। इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा होने का डर लगा रहता है। कई बार अवगत करवाने के बावजूद भी निगम अधिकारियों ने आज तक इस समस्या का समाधान करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। इसके अलावा जीएसएस में आग पर काबू पाने के लिए भी कोई उपकरण उपलब्ध नहीं हैं। कॉलोनी के मुख्य पार्क में लगे ट्रांसफार्मर से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। कॉलोनीवासियों ने मांग की कि विद्युत निगम के अधिकारी मृतक के परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता दिलाएं। साथ ही सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं ताकि इस घटना की पुनर्रावृत्ति न हो। साथ ही कहा कि इस तरह की घटनाओं के बाद परिजनों को मुआवजे के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि एक माह में मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलवाया जाए। इस मौके पर अंकुर मुंजाल, सुनील मित्तल, संजय सचदेवा, अमित शर्मा, सोनू कुक्कड़, हंसराज चाहर सहित कई कॉलोनीवासी मौजूद थे।
    उबलता मोबिल आॅयल गिरने से झुलसा था कर्मचारी
    गौरतलब है कि 22 जून की रात जीएसएस में फाल्ट आने पर ड्यूटी पर तैनात तकनीकी कर्मचारी राजेश कुमार निवासी गांव डबलीखुर्द 8 डीबीएल रात करीब 2 बजे फाल्ट ठीक करने लगा। लोड अधिक होने से ट्रांसफार्मर में विस्फोट हो गया। इससे गर्म मोबिल आॅयल राजेश कुमार पर गिर गया। वह गंभीर रूप से झुलस गया। वह अकेला ही जीएसएस पर तैनात था। उसे आसपास के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। उसे पहले टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय व वहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। शनिवार को राजेश कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *