श्रीकरणपुर(सीमा सन्देश)। छात्र संगठनों के चुनाव की प्रक्रिया आज चुनाव परिणाम आने से पूरी हो गई है। आज यहां राजकीय महाविद्यालय एवं ज्ञान ज्योति महाविद्यालय के छात्र संगठनों के चुनाव परिणाम शांतिप्रिय माहौल में रहने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है। राजकीय महाविद्यालय में अध्यक्ष पद पर विजय कुमार छिंपा मात्र 1 वोट से अपनी प्रतिद्वंदी अभिषेक से विजयी रहे जबकि उपाध्यक्ष पद पर प्रवीण कुमार 32 वोट, महासचिव उषा कुमारी 14 वोट और संयुक्त सचिव धीरज कुमार अपने प्रतिद्वंदी से 23 वोटों के अंतर से विजयी घोषित किए गए। इसी प्रकार ज्ञान ज्योति महाविद्यालय में एनएसयूआई से जुड़े छात्र मुकेश कुमार 11 वोटों के अंतर से जीते। उपाध्यक्ष पद पर कुमारी करीना मात्र 7 मतों के अंतर से विजयी रही। विजयी छात्र नेताओं को पुलिस थाना प्रभारी बलवंत राम द्वारा शपथ ग्रहण करवाई गई। विजयी छात्रों की ओर से विजय जुलूस निकाला गया। ज्ञान ज्योति स्कूल के विजयी छात्र क्षेत्रीय विधायक सरदार गुरमीतसिंह कुन्नर के कार्यालय में पहुंचे जबकि राजकीय महाविद्यालय के विजयी छात्रों द्वारा निकाले जा रहे विजयी जुलूस को गुरुद्वारा सिंह सभा के पास पुलिस थाना की एसआई कल्पना द्वारा पुलिस अधीक्षक के आदेशों का हवाला देते हुए रोक दिया एवं छात्रों को समझाईश कर अपने अपने घरों में जाने को कहा गया। चुनाव शांति पूर्ण माहौल संपन्न होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है।