Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

शातिर अपराधियों के गिरोह में शामिल एक बाल अपचारी सहित चार काबू, कई वारदातों का खुलासा

गिरोह में शामिल कई युवक अभी भी हैं फरार

श्रीगंगानगर । शातिर अपराधियों के गिरोह में शामिल एक बाल अपचारी सहित चार युवकों को काबू किया गया है। यह गिरोह जिले के पदमपुर,मुकलावा, जैतसर, रायसिंहनगर समेजा कोठी और रावला थाना क्षेत्रों में चोरी, छीना-झपटी और लूटपाट की कई वारदातों में लिप्त है।इन चार युवकों के पकड़े जाने से कई वारदातों का खुलासा हुआ है। गिरोह में एक दर्जन से अधिक बदमाश प्रवृत्ति के युवक शामिल हैं, जो रात को राहजनी की वारदातें भी करते हैं।गिरोह में शामिल लगभग 10 युवक अभी भी फरार हैं।

पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि हरविंदरसिंह उर्फ डेम्पी (22) पुत्र बलविंदरसिंह मजहबी सिख, राहुल (19) पुत्र सुखमहेंद्र सिंह मजहबी सिख और जगतारसिंह (20) पुत्र सुखदेवसिंह मजहबी सिख निवासी चक 3-टीके थाना मुकलावा को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया है। मुकलावा थाना क्षेत्र में विगत 18 जुलाई की रात को विद्युत निगम के एक तकनीकी सहायक प्रथम कर्मचारी हरिराम से लूट की वारदात इसी गिरोह ने की थी। उस रात को हरिराम चक 16 पीएस में जीएसएस से नजदीक ही नहर पर लगे एक ट्रांसफार्मर की रीडिंग लेने के लिए गया था।अचानक 4 लड़कों ने घेरा और मारपीट कर मोबाइल फोन छीन कर भाग गए।इसके आधे घंटे बाद ही रायसिंहनगर में एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी राकेश मेघवाल निवासी सुभानवाला जिला हनुमानगढ़ को भी चार युवकों ने चक 16 पी एस के पास ही मोटरसाइकिल पर जाते हुए रोका और डंडे से हमला कर बैग मोबाइल फोन छीन कर भाग गए। बैग में 3000-3500 रूपए थे। गांव हकमाबाद थाना लालगढ़ जाटान निवासी निगम कर्मचारी हरिराम से लूट का मामला पुलिस ने अगले ही दिन दर्ज कर लिया जबकि राकेश के साथ हुई वारदात का मामला 2 दिन बाद दर्ज किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों वारदातों में छीने गए मोबाइल फोन को ट्रेस करने के लिए साइबर सेल की टीम सक्रिय हो गई। लूटे गए मोबाइल फोनों से ही इस गिरोह का सुराग लगा।

बीएसएफ कमांडेंट की गाड़ी पर किया हमला

पदमपुर थाना क्षेत्र में रायसिंहनगर मार्ग पर जलौकी गांव के पास 19-20 जुलाई की रात को बीएसएफ कमांडेंट रणवीरसिंह की गाड़ी पर भी रात लगभग 12 बजे 10-12 युवकों ने पथराव कर दिया तथा डंडों से चोटें मारी। रायसिंहनगरनगर सेक्टर में तैनात 156 वीं बटालियन के कमांडेंट रणवीरसिंह और दो अन्य व्यक्ति उस रात को श्रीगंगानगर से सरकारी गाड़ी में वापिस रायसिंहनगर जा रहे थे। चालक नौशाद ने गाड़ी को तेज दौड़ा कर हमलावरों से बचाव किया।इस घटना के संबंध में बीएसएफ के एक सब इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश की रिपोर्ट पर कल अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।पुलिस सूत्रों ने बताया कि जलौकी के पास 10-12 युवकों ने लूटपाट करने के उद्देश्य से गाड़ी पर हमला किया था लेकिन जैसे ही बाद में उन्होंने देखा किगाड़ी बीएसएफ वालों की है तो वह इधर उधर भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कुछ ही देर में पहुंच गई थी लेकिन कोई पकड़ में नहीं आया। आज पुलिस ने खुलासा किया है कि इस घटना में भी हरविंदर,राहुल और जगतार के अन्य साथी शामिल थे। इस वारदात में शामिल बदमाशों की धरपकड़ की कोशिश चल रही है।पदमपुर थाना प्रभारी रामकेश मीणा ने बताया कि बीएसएफ गाड़ी पर हमला करने वालों में शामिल अन्य युवकों की पहचान की जा रही है।

अनेक वारदातें कबूलीं

इस गिरोह ने मुकलावा थाना क्षेत्र में सोने की चेन झपटने, ट्रैक्टर की तवियां चोरी करने, सौर ऊर्जा संयंत्रों की बैटरियां और प्लेट में चोरी करने,मोटरसाइकिल चोरी करने, समेजा कोठी थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन चोरी करने, जैतसर थाना क्षेत्र में रुपए छीनने और रावला थाना क्षेत्र में सौर ऊर्जा की बैटरियां चोरी करने की वारदातें कबूल की हैं। जैतसर थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले चक 6-जेकेएम के पास रात को मोटरसाइकिल पर जा रहे दो व्यक्तियों को चार युवकों ने रोककर पिस्तौल दिखाया और मोटरसाइकिल व 16 हजार रुपए छीन कर भाग गए।पुलिस ने बताया कि यह सभी वारदातें लगभग एक दर्जन बदमाश किस्म के युवकों के गिरोह द्वारा पिछले एक डेढ़ महीने में अंजाम दी गई हैं। अभी तक एक बाल अपचारी सहित उक्त तीन युवकों को ही गिरफ्तार किया जा सका है। बाकी कई युवक फरार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *