श्रीगंगानगर
इलाके में गुरुवार को शूल सी चुभती हवा ने सर्दी बढ़ा दी। सुबह हलके कोहरे के बाद मामूली धूप निकली तो सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद बंधी लेकिन कुछ ही देर बाद सूरज बादलों के ओट में छिप गया। इससे पूरे दिन कंपकंपी जैसे हालात बने रहे। ज्यादातर लोग दिन के अधिकांश सामय घरों में ही दुबके रहे।
हवा ने बढ़ूाई ठंडक
सुबह दिन की शुरुआत के समय तो दिन और रात का तापमान लगभग बराबर था। सुबह साढ़े आठ बजे जहां शहर का तापमान छह डिग्री सेल्सियस था वहीं मिनिमम टेंप्रेचर 5.7 डिग्री सेल्सियस था। यानी दिन में भी रात जैसे ही हालात बने हुए थे। सुबह साढ़े ग्यारह बजे तक मैक्सिमम टेंप्रेचर 10.4 डिग्री सेल्सियस था वहीं दोपहर ढाई बजे यह बारह डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। पूरे दिन में तापमान में बेहद कम वृद्धि ने पूरा दिन सर्दी का असर बनाए रखा। हवा चलने से कंपकंपी के हालात हो गए।
अभी और बढ़ेगी सर्दी
वेदर एक्सपर्ट बताते हैं कि हालांकि बादलों के कारण अब भी मिनिमम टेंप्रेचर 5.7 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है लेकिन दिन के तापमान में अभी और गिरावट आ सकती है। पिछले दो दिन से खिल रही धूप से टेंप्रेचर में गिरावट आ रही है और यह सिलसिला अभी बना रह सकता है।