श्री अरोड़वंश सभा के चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज
by seemasandesh
अध्यक्ष सहित सभी 6 पदों पर सीधी टक्कर, 22 मई को होगा मतदान हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन की श्री अरोड़वंश सभा के चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। अध्यक्ष सहित 6 पदों के लिए 22 मई को मतदान होगा। चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन हो चुका है। दोनों पक्षों का चुनाव प्रचार जोरों पर है। समर्थकों के साथ टोलियों के रूप में प्रत्याशियों की ओर से गली-मोहल्लों में प्रचार किया जा रहा है। अध्यक्ष सहित सभी पदों पर सीधी टक्कर है। अध्यक्ष पद के लिए भुवनेश ग्रोवर व अतुल धींगड़ा, उपाध्यक्ष पद के लिए जगदीश मरेजा व हरविंद्र नागपाल, सचिव पद के लिए उमेश वाट्स व रमेश काठपाल, सहसचिव पद के लिए राकेश नागपाल व पुरुषोत्तम आहूजा, कोषाध्यक्ष पद के लिए कृष्णलाल मदान व सतीश कुमार छाबड़ा, प्रचार मंत्री पद के लिए प्रदीप कुमार मुंजाल व सुरेंद्र काठपाल चुनाव मैदान में हैं। निर्वाचन अधिकारी मोहन मुंजाल ने बताया कि मतदान 22 मई को सुबह 8 बजे से अपराह्न 3 बजे तक होगा। उसी दिन शाम 4 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना के तुरंत बाद चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा। पहले वार्षिक चुनाव होते थे। अबकी बार चुनी जाने वाली कार्यकारिणी का कार्यकाल दो साल का होगा। श्री अरोड़वंश सभा के कुल 3911 वोट हैं। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अतुल धींगड़ा ने कहा कि समाज के लोग समाज से दूर होने शुरू हो गए थे। उनको एक मंच पर लाने का प्रयास करने के उद्देश्य से वे चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव जीतकर समाज के लिए अधिकाधिक कार्य करने का प्रयास रहेगा। युवाओं को जोड़कर समाज को ऊंचाइयों पर ले जाने की कोशिश करेंगे। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार भुवनेश ग्रोवर ने कहा कि समाज के नागरिक समाज को आगे बढ़ाने व समाज की समस्याओं के निराकरण के लिए एक मजबूत कार्यकारिणी का गठन करें। साथ ही कहा कि वे आज भी सर्वसम्मति से चुनाव के पक्ष में हैं। परंतु प्रतिद्वंदी पक्ष के एक उम्मीदवार के कारण यह चुनाव हो रहा है। कार्यकारिणी पदाधिकारियों की उम्र व अनुभव बड़ा महत्व रखता है। अनुभव भी उम्र के अनुसार आता है। उनके पक्ष में उम्रदराज उम्मीदवार हैं। इसलिए समाज के नागरिक सोच-समझकर अपने मत का इस्तेमाल करें।