श्रीगंगानगर। राजस्थान सरकार की अल्पसंख्यक विरोधी नीतियों के विरुद्ध भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश व्यापी आह्वान के तहत आज बीकानेर में जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया। अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रमजान अली चौपदार की अगुवाई में कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए प्रदर्शन करने के बाद जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने गए शिष्टमंडल में मुमताज अली, पार्टी प्रदेश मंत्री रमजान अब्बासी, बीकानेर शहर अध्यक्ष उस्मान खान, देहात जिला अध्यक्ष इमरान अली पूर्व जिला अध्यक्ष असद रजा भाटी भी शामिल रहे। रमजान अली चौपदार ने बताया कि राज्य सरकार ने काफी समय से अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति को रोक रखा है। इस वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए ऋण भी मुहैया नहीं करवाया जा रहा। ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रदेश में वक्फ संपत्तियों को कब्जा मुक्त करवाया जाए।