श्रीगंगानगर
सीबीएसई और आरबीएसई से जुड़े 12वीं पास करने वाले स्टूडेंट्स के लिए राहत की खबर है। सीबीएसई ने उच्च माध्यमिक कक्षा की परीक्षा रद्द करने के बाद वेबसाइट पर देशभर के यूनिवर्सिटी, कॉलेज व कोर्सेज की सूची अपलोड की है। इससे स्टूटेंट्स और उनके पेरेंट्स कॉलेज और कोर्स चुनने की टेंशन से फ्री हो गए है।
जिले के पच्चीस हजार स्टूडेंट्स को लाभ
इस सूची की सहायता से अब कॉलेज की राह देख रहे जिले के सीबीएसई के 3 हजार तथा आरबीएसई के 22 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स का लाभ होगा। वे अपनी पसंद का कॅरियर बनाने के लिए युनिवर्सिटी, कॉलेज या कोर्स घर बैठे ही चुन सकेंगे।
सूची में 113 कॅरियर ऑप्शन
सीबीएसई की सूची में 113 कॅरियर ऑप्शन बताए गए हैं। सबसे ज्यादा विज्ञान के कोर्स के बारे में जानकारी दी गई है। विज्ञान के कोर्स के साथ आर्ट रेस्टोरेशन, एक्चूरियल साइंस, पब्लिक रिलेशन, कॉर्पोरेट इंटेलिजेंस, इंजीनियरिंग, लिब्रल स्ट्डीज और लैंग्वेज आदि से संबंधित कोर्सेस भी शामिल किए गये हैं। स्टूडेंट्स इससे संबंधित जानकारी सीबीएसई की ऑफिशियल वेबसाइट पर देख सकते हैं।
विद्यार्थी परामर्श केंद्र के जिला समन्वयक भूपेश शर्मा बताते हैं कि सीबीएसई ने स्टूडेंट्स की सुविधा के लिए युनिवर्सिटीज, कॉलेजों और कोर्सेज से संबंधित 122 पेज की फाइल जारी की है। इसमें सभी स्टूडेंट्स को अलग-अलग कोर्सेज और 41 हजार कॉलेजों की जानकारी मिल सकेगी।