Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सावन का पहला सोमवार आज, शिवालयों में होंगे अभिषेक-पूजन

बीकानेर. सावन के पहले सोमवार पर आज शहर के शिवालयों में भगवान शिव का अभिषेक-पूजन होगा। अलसुबह से शुरू होने वाला दर्शन-पूजन का क्रम देर रात तक चलेगा। कई शिवालयों में रूद्राभिषेक के साथ भजन-कीर्तन के भी आयोजन होंगे। सोमवार को लेकर मंदिरों को रंग बिरंगी रोशनियों से सजाया गया है। बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए पुख्ता व्यवस्थाएं की गई है।

सावन में सोमवार को शिव आराधना का विशेष महत्व होने के कारण दिन भर भगवान भोलेनाथ का रूद्राभिषेक होगा। शिवभक्त अपने इष्टदेव की प्रसन्नता के लिए जल, दूध, घी, दही, शर्करा, शहद, पंचामृत, ईखरस, विजय आदि से रूद्राष्टध्यायी पाठ के वेद मंत्रों के उच्चारण के बीच महादेव का अभिषेक कर पूजन करेंगे।

घर-घर में होगी शिव आराधना

सावन सोमवार पर शिवालयों के साथ घर-घर में भगवान शंकर का अभिषेक, पूजन कर विशेष आराधना की जाएगी। इसकी तैयारियां रविवार को की गई। घर-परिवार के सदस्य अलसुबह सामूहिक रूप से भगवान शिव का विभिन्न पदार्थो से अभिषेक, पूजन कर आरती करेंगे। सावन का व्रत-अनुष्ठान करने वाले शिवभक्त विशेष पूजा-अर्चना करेंगे।

बाजारों में खरीदारी

सावन के पहले सोमवार को लेकर शहर के बाजारों में पुष्प, पुष्पमालाएं, दही, दूध, पूजन सामग्री आदि की खरीदारी हुई। शिवभक्त अलसुबह से महादेव का रूद्राभिषेक-पूजन प्रारम्भ करेंगे। बड़ा बाजार, मोहता चौक, दाऊजी मंदिर रोड, कोटगेट, नत्थूसर गेट, गंगाशहर, जस्सूसर गेट, नत्थूसर बास, गोपेश्वर बस्ती, जयनारायण व्यास कॉलोनी, मुरलीधर व्यास नगर, मुक्ताप्रसाद नगर, लालगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थित बाजारों में मिठाई की दुकानों पर प्रसाद खरीदने, पुष्पमालाएं, पूजन सामग्री, दूध, दही की दुकानों पर रात तक खरीदारी चलती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *