Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

हनुमानगढ़ में पोस्त की सप्लाई देने आए मामा-भांजा काबू

  • कार में भरा 1 क्विंटल 80 किलोग्राम पोस्त बरामद, गोलूवाला पुलिस की अब तक की बड़ी कार्रवाई
    गोलूवाला (सीमा सन्देश न्यूज)।
    कार में लाखों रुपए की कीमत का पोस्त भरकर हनुमानगढ़ जिले में सप्लाई देने आए मामा-भांजा शुक्रवार अल सुबह जिले की गोलूवाला पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने कार में रखे 9 कट्टों में भरा 1 क्विंटल 80 किलोग्राम पोस्त बरामद कर कार को जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है। खास बात यह कि गोलूवाला पुलिस की ओर से अपने थाना क्षेत्र की यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई। गोलूवाला पुलिस थाना प्रभारी ओमप्रकाश सुथार ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार अल सुबह मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि गुजरात नम्बर की स्विफ्ट कार में भारी मात्रा में पोस्त भरकर हनुमानगढ़ जिले में सप्लाई देने के लिए लाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम की ओर से अल सुबह करीब 4 बजे गोलूवाला से पीलीबंगा रोड पर लखासर मंदिर मोड के पास नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान कार नम्बर जीजे 05 जेए 1426 आती दिखी तो चालक को वाहन रोकने का इशारा किया गया। पुलिस की नाकाबंदी देख चालक घबरा गया व कार को रोक वापस घुमाने का प्रयास किया। शक होने पर पुलिस टीम ने कार को रूकवा लिया। तलाशी ली तो कार के पिछले हिस्से में 9 कट्टे रखे हुए थे। इनमें पोस्त भरा हुआ था। इन कट्टों में भरा कुल 1 क्विंटल 80 किलोग्राम बरामद कर पोस्त तस्करी में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया। मौके से कार सवार कमलेश डूडी (25) पुत्र ओमप्रकाश निवासी उपवाल पीएस श्रीबालाजी नागौर व उसके मामा रूघाराम (32) पुत्र नैनूराम लोहल जाट निवासी चेताना पीएस पांचू बीकानेर को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी सुथार ने बताया कि आरोपियों से हुई पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी कमलेश के दूसरा मामा व रूघाराम के चचेरा भाई को पिछले दिनों अबोहर की सदर थाना पुलिस ने 1 क्विंटल 20 किलोग्राम पोस्त सहित पकड़ा था। साथ ही यह खुलासा हुआ कि पकड़े गए मामा-भांजा हनुमानगढ़ जिले में करीब 6 लाख रुपए में बेचने के लिए यह पोस्त लेकर आए थे। इससे पहले भी इन्होंने एक बार हनुमानगढ़ जिले में पोस्त की सप्लाई देने की बात स्वीकारी। आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में बरामद पोस्त फलौदी क्षेत्र से लाने की बात स्वीकारी है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी ओमप्रकाश सुथार के अलावा एएसआई धर्मपाल, हैड कांस्टेबल महेश, कांस्टेबल सुलेन्द्र, महमूद, खिराज व लायकसिंह शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *