सूरतगढ़ (सीमा सन्देश)। एसएनएलडी हर्ष कॉन्वेंट स्कूल के तीन पूर्व विद्यार्थियों का आरएएस भर्ती परीक्षा में चयन होने पर सम्मानित किया गया। विद्यालय के तीन पूर्व विद्यार्थी संजना जोशी, प्रिया ओझा व दिनेश राजपुरोहित का आरएएस परीक्षा में चयन होने पर विद्यालय प्रबंधन समिति के निदेशक राकेश बंसल, चेयरमैन अनिल बंसल व गौरव बंसल ने स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। राकेश बंसल ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए हमेशा शोषित व जरूरतमंद लोगों का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। चेयरमैन अनिल बंसल ने सभी अभ्यर्थियों को भविष्य में भी कड़ी मेहनत व लक्ष्य पर फोकस करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि यह जीवन के सफर पर सफलता का पहला कदम है। इसलिए हमेशा उत्साह व सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद व गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया। गौरव बंसल ने भी सभी प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत व सफलता से स्कूल के साथ अपने अभिभावकों का भी नाम रोशन किया है।