श्रीगंगानगर । श्रीगंगानगर-बीकानेर नेशनल हाईवे 62 पर राजियासर थाना क्षेत्र में राजियासर गांव के बस अड्डे पर आज सुबह एक मृत गाय की वजह से आमने-सामने से दो ट्रकों में भिड़ंत हो गई। भिड़ंत होते ही दोनों ट्रकों में आग लग गई। दोनों चालक जिंदा जल गए। एक ट्रक को खलासी चला रहा था,जो हादसा होते ही बाहर कूद गया।उसके मामूली चोट आई। दूसरे ट्रक में भी एक खलासी बताया जा रहा है लेकिन वह घटनास्थल पर नहीं मिला।इस भीषण दुर्घटना से राजियासर गांव में हड़कंप मच गया। काफी संख्या में लोग बचाने के लिए दौड़े,लेकिन ट्रकों में लगी भीषण आग की वजह से तत्काल राहत और बचाव कार्य नहीं किया जा सका। बाद में सूरतगढ़ थर्मल पावर प्लांट और सूरतगढ़ नगरपालिका के फायर टेंडर लेकर दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। लगभग दो घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस ने बताया कि दोनों चालकों की लाशें बुरी तरह से जली हालत में बरामद हुईं।