बीकानेर
प्रदेशभर में 5वीं और 8वीं के स्टूडेंट्स को इस बार बोर्ड पैटर्न पर परीक्षा देनी होगी। पिछले दो साल से शिक्षा विभाग 5वीं और 8वीं क्लास के स्टूडेंट्स को प्रमोट कर रहा था, लेकिन इस बार एग्जाम के लिए तैयारी शुरू कर दी है। स्टूडेंट्स के आवेदन इस बार भी ऑनलाइन ही भरवाए जाएंगे, जिसका शेड्यूल बाद में जारी होगा।
दरअसल, शिक्षा विभाग के रजिस्ट्रार ऑफिस ने राज्य के सभी स्कूलों को प्रारम्भिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण पत्र यानी कक्षा 8 की बोर्ड पैटर्न परीक्षा और प्राथमिक शिक्षा अधिगम स्तर मूल्यांकन यानी 5वीं बोर्ड परीक्षा के लिए अपना डाटा दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। डाटा गड़बड़ होने पर कई बार स्टूडेंट्स एग्जाम से वंचित हो जाते हैं या फिर उनकी मार्क शीट गलत बन जाती है। ऐसे में फॉर्म भरने के प्रोसेस में स्टूडेंट का नाम, पिता का नाम, माता का नाम व जन्म तिथि को सही तरीके से मिलान करना होगा। सरकारी स्कूल को शाला दर्पण और प्राइवेट स्कूल को पीएसपी पोर्टल पर अपना डाटा सही करना होगा। किसी स्टूडेंट को 8वीं कक्षा में तृतीय भाषा में परिवर्तन करना है तो वो भी करवाया जा सकेगा। नए स्कूल भी पोर्टल पर खुद को रजिस्टर्ड करवा सकते हैं।