हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रेफिक पुलिस की ओर से नाका लगाकर चलाया जा रहा अभियान बुधवार को भी जारी रहा। बुधवार को ट्रेफिक पुलिस की ओर से जंक्शन में संगरिया रोड स्थित करणी पेट्रोल पम्प, गांधीनगर अण्डरपास सहित शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर नाका लगाकर कार्यवाही की गई। नाके के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं में 68 वाहन चालकों के चालान किए गए। थ्री व्हीलर में क्षमता से अधिक सवारी ढोने वाले दो वाहन चालकों के भी नियमानुसार चालान किए गए। नाके के दौरान बिना मास्क पहने आ-जा रहे वाहन चालकों के मास्क वितरित किए गए। अधिकतर वाहन चालक बिना हेलमेट, ओवरलोड सवारी व मोबाइल फोन पर बात करते हुए हादसों को न्यौता देते नजर आए। इन पर कार्यवाही करते हुए उन्हें भविष्य में बिना लाइसेन्स के वाहन चलाते मिलने पर वाहन सीज करने की चेतावनी दी गई।