Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पुलिस की छापेमारी पर मुखबिरी के संदेह में शराब ठेके के सेल्समैन को गोलियां मारकर घायल किया

हिस्ट्रीशीटर के पुत्र सहित तीन बदमाशों की तलाश
श्रीगंगानगर।
नई मंडी घड़साना थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा अवैध रूप से हथकढ़ शराब बनाने वालों पर छापेमारी किए जाने पर मुखबिरी करने के संदेह में एक शराब ठेके के सेल्समैन पर मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने गोलियां चला दीं। सेल्समैन गोली लगने से गंभीर घायल हो गया। उसे नई मंडी घड़साना के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिये जाने के बाद बीकानेर रैफर कर दिया गया। पुलिस हमलावर बदमाशों की तलाश कर रही है, जिनमें एक हिस्ट्रीशीटर का पुत्र भी शामिल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नई मंडी घड़साना थाना प्रभारी धर्मपालसिंह शेखावत के नेतृत्व में पुलिस और आरएसी के जवानों ने चक 02-एमएलडी में एक नर्सरी परिसर में अवैध रूप से शराब बनाने वालों पर कल बुधवार को दिन में छापेमारी की गई थी। शराब बनाने वाले पकड़ में नहीं आए लेकिन पुलिस बल ने अवैध शराब बनाने के लिए लगी हुई कई भट्टियों को नष्ट करते हुए 10 ड्रम तथा अनेक प्रकार के उपकरण जब्त किए गए। लगभग 2000 लीटर लहन नष्ट किया गया। इस नर्सरी में बड़े पैमाने पर अवैध शराब बनाई और बेची जाती है ।अपराधिक किस्म के लोगों का नर्सरी में डेरा लगा रहता है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब बनाने वालों में खलबली मच गई। उनका लगभग डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हुआ। कल रात लगभग 11 बजे नई और पुरानी मंडी के बीच पैदल जा रहे एक युवक इंद्रजीत मेघवाल निवासी भगतसिंहनगर घडसाना को दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन बदमाशों ने गोली मार दी। थाना प्रभारी ने बताया कि इंद्रजीत एक शराब ठेके का सेल्समैन है। बदमाशों द्वारा दो गोलियां चलाई गई, जिनमें एक गोली लगने से इंद्रजीत घायल हो गया। उसे तत्काल सरकारी हस्पताल घायल अवस्था में लाया गया। डॉक्टरों ने तुरंत ही उपचार किया। इंद्रजीत मेघवाल के बयान के आधार पर बदमाशों के विरुद्ध हत्या का प्रयास करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। बदमाशों को शक था कि इंद्रजीत ने ही मुख्य ब्रिकर पुलिस से छापेमारी करवाई है। इस वारदात को लेकर जिन तीन बदमाशों की तलाश है, उनमें सुखप्रीतसिंह उर्फ बब्बू तथा रवि मुख्य रूप से शामिल हैं। सुखप्रीत बब्बू थाना क्षेत्र के एक हिस्ट्रीशीटर संपूर्णसिंह बावरी का पुत्र है। सुखप्रीतसिंह की दादी भागो बावरी भी हिस्ट्रीशीटर थी। रवि भी बदमाश किस्म का है। उधर,इंद्रजीत को डॉक्टरों ने छाती और दाहिने हाथ में गोली लगे होने को देखते हुए प्राथमिक उपचार देकर बीकानेर रेफर कर दिया। हमलावरों में से अभी तक कोई पकड़ में नहीं आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *