गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे लुइजिन्हो फलेरियो बुधवार को कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हो गए। फलेरियो आज राज्य सचिवालय नबन्ना पहुंचे थे और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी से मुलाकात की। लुइजिन्हो फलेरियो के साथ पूर्व विधायक और सेवानिवृत्त IPS अधिकारी लवू ममलेदार, साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता एन शिवदास और पर्यावरणविद् राजेंद्र शिवाजी काकोडकर सहित कुल 10 नेताओं ने भी TMC की सदस्यता ली। लुइजिन्हो फलेरियो ने दो दिन पहले ही कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दिया था। उन्होंने सोनिया गांधी पर हमला करते हुए कहा था कि कांग्रेस अब पहले वाली पार्टी नहीं रही। उन्होंने ममता बनर्जी को स्ट्रीट फाइटर बताया था। उन्होंने कहा कि ममता ही एक ऐसी नेता हैं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा का मुकाबला कर सकती हैं।