चूरू
चूरू जिले के सालासर थाने क्षेत्र के गांव कोलासर में बुधवार दोपहर टीचर की पिटाई से 7वीं क्लास के बच्चे की मौत हो गई। 13 साल के बच्चे का कसूर सिर्फ इतना था कि,वह होमवर्क करके स्कूल नहीं गया था। टीचर ने बच्चे को जमीन पर पटक-पटकर लात-घूसों से मारा। इतना मारा कि नाक से खून बहने लगा और बेहोश हो गया। बच्चे के होश में नहीं आने पर आरोपी टीचर ही उसे अस्पताल लेकर गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आरोपी टीचर को पूछताछ के लिए राउंडअप किया गया है।
सालासर थानाधिकारी संदीप विश्नोई ने बताया कि कोलासर गांव का रहने वाला 13 साल का गणेश निजी स्कूल में पढ़ता था। बुधवार सुबह बच्चा स्कूल गया था। जहां होमवर्क नहीं करने पर टीचर मनोज ने पिटाई कर दी। जिससे उसकी मौत हो गई। पिता की रिपोर्ट पर टीचर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।