Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

12वीं की प्रैक्टिकल एग्जाम टली, 17 जनवरी से शुरू होनी थी; खाटूश्यामजी मंदिर अनिश्चितकाल के लिए बंद

जयपुर

प्रदेश में राजस्थान बोर्ड की 17 जनवरी से शुरू होने जा रही 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं को आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। दरअसल, कोरोना की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है और कई जिलों में संक्रमण दर 10 से ऊपर पहुंच गई है। इसी वजह से यह फैसला लिया गया है।

शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी देते हुए कहा कि बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण राज्य में 25 जिले रेड जोन में आ गए हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए तथा विशेषज्ञों की सलाह पर यह निर्णय लिया गया है।

खाटूश्यामजी मंदिर बंद
खाटूश्यामजी मंंदिर अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। कोरोना संक्रमण के चलते मंदिर कमेटी और जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है। खाटू कस्बे में बढ़ते संक्रमण के चलते पहले कमेटी ने एकादशी, द्वादशी और रविवार को मंदिर बंद रखने का निर्णय लिया था। पिछले गुरुवार कस्बे में एक साथ 50 से ज्यादा संक्रमित मिलने पर मंदिर मकर संक्रांति तक बंद किया गया था। बुधवार को खाटू में 44 पॉजिटिव मिले। खाटू में अब तक 132 केस मिल चुके हैं।

श्री श्याम मंदिर कमेटी अध्यक्ष शम्भू सिंह चौहान ने बताया कि बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कमेटी ने आगामी आदेशों तक मंदिर के पट बंद रखने का फैसला लिया है। प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच नए साल के मौके पर 5 दिन में मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। जिसके बाद चिकित्सा विभाग ने यहां रैंडम सैंपलिंग करवाई। सैंपलिंग में स्थानीय दुकानदार निवासी, होटल संचालक और कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव मिले थे। एडीएम धारा सिंह मीणा ने बताया कि संक्रमण को देखते हुए मंदिर कमेटी और प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। कस्बे में आने वाले दोनों रास्तों तोरण द्वार और रींगस मोड़ पर भी बैरिकेडिंग की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *