Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

डकैती डालने की फिराक में घूमते तीन पकड़े

श्रीगंगानगर

जिले के केसरीसिंहपुर इलाके के कमीनपुरा रोड पर रविवार को पुलिस ने तीन ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया जो डकैती डालने की फिराक में थे। इनके दो साथी पुलिस को देखकर भागने में कामयाब हो गए जबकि तीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इन तीनों के पास लोहे की रॉड, प्लास, पेचकस और कई अन्य सामान बरामद हुआ है। इनके फरार हुए दो साथियों में से एक के पास पिस्तौल होने की जानकारी मिली है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है तथा फरार हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

कार में सवार थे पांच लोग
पुलिस ने इन आरोपियों से कार भी बरामद की है। कार में पांच लोग सवार थे। इनमें से दो मौके से भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने कमीनपुरा रोड पर तेज गति से आती कार देखकर इसके आगे सरकारी गाड़ी लगवाई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान केसरीसिंपुर की धक्का बस्ती के लवली उर्फ संदीप और गुरप्रीतसिंह तथा छह एच डब्बावाली के सुखवंतसिंह उर्फ नौनी के रूप में हुई है। सुखवंतसिंह अभी श्रीगंगानगर के श्यामनगर में किराए के मकान में रहता है।

भागने वाले दोनों आरोपी केसरीसिंपुर की धक्का बस्ती के काली उर्फ कुलदीपसिंह उर्फ बुल्लड़ तथा गांव 11 जैड का सतपाल पुत्र धनपत है। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि काली उर्फ कुलदीपसिंह के पास एक पिस्तौल है। पांच लोग डकैती डालने के लिए जाने की प्लानिंग कर रहे थे। इनके पास लोहे की रॉड, सब्बल, प्लास, पेचकस आदि बरामद हुए हैं।