Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

विशाल ध्वज यात्रा में उमड़े श्रद्धालु

श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। पुरानी आबादी स्थित सिद्धपीठ श्रीझांकी वाले बालाजी मंदिर में पांच दिवसीय अखण्ड राम नाम संकीर्तन गुरुवार से शुरू हुआ। इससे पहले गाजे बाजे के साथ निकाली गई ध्वज यात्रा में बड़ी संख्या में इलाके के श्रद्धालु शामिल हुए। अखण्ड राम नाम संकीर्तन 14 फरवरी सायं 6 बजे तक चलेगा। यह ध्वज यात्रा उधम सिंह चौक से श्री जगदम्बा अंध विद्यालय के संस्थापक स्वामी ब्रह्मदेव जी के सान्निध्य में शुरू होकर उदाराम चौक समीप स्थित मंदिर तक पहुंची। श्रद्धालुओं ने उन पर पुष्प वर्षा कर सत्कार किया। इसमें श्रद्धालु हाथों में ध्वजा लिए डीजे पर बाबा के भजनों के साथ नाचते गाते चल रहे थे। मंदिर पहुंचते ही वहां श्रद्धालुओं ने बालाजी के जयकारों से मंदिर को गुंजायमान कर दिया। भजन मंडल के सदस्य मदन गोपाल अग्रवाल, सुरेन्द्र सिंगल ह्यपुजारी’ एवं अन्य भजन मंडल के सदस्यों ने ‘अब हरो विघ्न सब दूर गजानंद गोरी के लाला…’ भजन से कार्यक्रम की शुरूआत की। हनुमान चालीसा, हनुमान अष्टक पाठ व हनुमत वंदना हुई। इसके साथ ही ह्यसियाराम जय जय सियारामा, सियारामा जय रामा जय जय राम… का पांच दिवसीय अखंड राम नाम संकीर्तन शुरू हो गया। इस मौके पर स्वामी ब्रह्मदेव जी ने कहा कि सिद्धपीठ श्रीझांकी वाले बालाजी भजन मंडल राम नाम संकीर्तन के माध्यम से राम नाम जाप करता भी है और श्रद्धालुओं को करवाता भी है। इससे इलाके में सुख- शांति एवं समृद्धि रहती है। जहां राम नाम संकीर्तन होता है, वहां बालाजी महाराज जरूर विराजमान होते हैं एवं भक्तों के मनोरथ पूर्ण करते हैं। राम नाम संकीर्तन कलयुग में सबसे बड़ा तारणहार है।