हड्डारोड़ी स्थानांतरण का विरोध, दूसरे दिन भी धरना जारी
by seemasandesh
पुरुषों के साथ महिलाएं भी उतरी मैदान में हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। हड्डारोड़ी को जंक्शन में नवां बाइपास रोड पर स्थानांतरित किए जाने के विरोध में आसपास के क्षेत्र के गोसेवकों व वाशिंदों का बेमियादी धरना गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। गोसेवक व आसपास के आबादी क्षेत्र में रहने वाले नागरिक नवां बाइपास रोड पर प्रस्तावित हड्डारोड़ी के पास टैंट लगाकर धरना लगाकर बैठे हैं। उनकी मांग है कि हड्डारोड़ी को आबादी क्षेत्र से दूर स्थानांतरित किया जाए। गुरुवार को काफी संख्या में महिलाएं भी धरने पर बैठीं। धरने पर बैठे नागरिकों ने कहा कि जंक्शन में नवां बाइपास रोड पर कचरा प्लांट पहले से लगा हुआ है। अब यहां हड्डारोड़ी भी शिफ्ट करने की बात चल रही है। इसका विरोध किया जा रहा है। क्योंकि जिस जगह हड्डारोड़ी शिफ्ट करने की बात चल रही है उसके पास ही मन्दिर है। करीब 300 मीटर की दूरी पर गोशाला है। 300 मीटर पर ही डिस्ट्रिक्ट पार्क है। 500 मीटर की दूरी पर राजकीय मेडिकल कॉलेज बन रहा है। बिल्कुल सामने 100 मीटर पर कैंसर हॉस्पिटल है। उसके पीछे हाऊसिंग बोर्ड का आबादी क्षेत्र है। हड्डारोड़ी नवां बाइपास रोड पर शिफ्ट करने से बदबू से आसपास के क्षेत्र के लोगों का यहां रहना दूभर हो जाएगा। इस कारण हड्डारोड़ी सबके लिए घातक है। उन्होंने सुझाव दिया कि आबादी क्षेत्र से कम से कम 10 किलोमीटर दूर जहां आसपास कोई गांव न हो, वहां हड्डारोड़ी शिफ्ट की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस जगह हड्डारोड़ी शिफ्ट की गई तो इसका डटकर विरोध किया जाएगा। इसके लिए आंदोलन ही क्यों न करना पड़े। धरने पर संदीप सहारण, धन्नाराम, भंवरसिंह राठौड़, विनोद कुमार, कुलवन्त सिंह, ओमप्रकाश थापन, धन्नसिंह, मनोहर लाल, मनोज कुमार, राजेन्द्र मीणा, प्रहलाद, गौरव, राघव, धानीदेवी, ममता अग्रवाल, परमजीत कौर, सुलोचना देवी, मनदीप कौर, शारदा देवी, पूनम, गीता देवी, शबनम, रामेश्वरी देवी, राजबाला, चन्द्रकला, प्रदीप कौर आदि बैठे।