Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बोले, टाउन से अन्यत्र नहीं जाने देंगे जिला अस्पताल

  • जिला अस्पताल के समक्ष 86वें दिन भी जारी रहा धरना
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    टाउन के जिला अस्पताल को जंक्शन में नवां बाइपास पर बन रहे राजकीय मेडिकल कॉलेज के पास स्थानांतरित करने के विरोध में जिला अस्पताल बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहा बेमियादी धरना शनिवार को 86वें दिन भी जारी रहा। शनिवार को शहर के आम नागरिकों ने संघर्ष समिति की मांग को समर्थन देते हुए धरना दिया व नारेबाजी की। इस मौके पर संघर्ष समिति के देवेन्द्र पारीक ने आरोप लगाया कि यहां के राजनेता अपने स्वार्थ की खातिर 45 साल पुराने जिला अस्पताल को यहां से ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। जिस जिला अस्पताल के आधार पर हनुमानगढ़ को मेडिकल कॉलेज की सौगात मिली उसी की नींव को हटाने का काम यहां के राजनेता व चंद लोग कर रहे हैं। मास्टर प्रेम जोइया व रहमत अली ने कहा कि पूर्व में जिला अस्पताल को अपडेट कर 6 से 9 मंजिला भवन बनाने का प्रस्ताव पारित हुए थे। साथ ही मेडिकल कॉलेज टाउन-सतीपुरा बाइपास रोड पर बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया था परंतु यहां के जनप्रतिनिधि अपने फायदे के लिए मेडिकल कॉलेज को नवां बाइपास रोड पर ले गए। इससे भी उनके दिल को तसल्ली नहीं हुई। इसलिए नवां बाइपास रोड पर बन रहे मेडिकल कॉलेज में अलग से मुख्य स्थल पर जिला अस्पताल बनाने का प्रयास किया जा रहा है जो किसी भी प्रकार से उचित नहीं। धरनार्थियों ने मांग की कि जिला अस्पताल को सम्बद्ध अस्पताल मानते हुए इसे टाउन में ही रखकर विस्तार किया जाए। जंक्शन में मेडिकल कॉलेज बने, उन्हें कोई आपत्ति नहीं। मेडिकल कॉलेज चाहे कहीं भी बने लेकिन किसी की रोजी-रोटी नहीं छीननी चाहिए। उन्होंने कहा कि चाहे कुछ भी हो जाए जिला अस्पताल को यहां से नहीं जाने देंगे। इस मौके पर अनिल मोहन मिश्रा, मंगतराम, जसकरण सिंह, नरेन्द्र, सुशील जैन, प्रदीप ऐरी, नवाब अली, भीमसिंह राघव, अशोक कुमार, महेन्द्र, हेमराज, केशराराम जाखड़, नीरज गर्ग, जावेद खां, दिनेश सांखी, महेश कुमार, पवन मोर्चा, हरि खदरिया आदि मौजूद थे।