Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

दोस्त की शादी में आए गुरुग्राम के सॉफ्टवेयर इंजीनियर की सड़क हादसे में मौत, चार युवक घायल

  • नेशनल हाईवे 62 पर सुबह सवेरे दो कारों में भिड़ंत
    श्रीगंगानगर ।
    हनुमानगढ़ जिले में गोलूवाला थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 62 पर खूनी चक के समीप आज सुबह सवेरे दो कारों में आमने-सामने की टक्कर हो जाने से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मृत्यु हो गई और चार युवक घायल हो गए। दूल्हे के यह दोस्त कल रात शादी होने के बाद वापस जा रहे थे कि यह भीषण दुर्घटना हो गई। मृतक सॉफ्टवेयर इंजीनियर मसीहा (24) झारखंड का रहने वाला है,जो गुरुग्राम(हरियाणा) की एक कंपनी में जॉब करता था। घायलों में दो युवक पुनीत और रॉकी भी झारखंड के रहने वाले हैं जबकि दो घायल युवक घमूडवाली थाना क्षेत्र के गांव रिडमलसर के निवासी धीरज और नई मंडी घडसाना थाना क्षेत्र में गांव लूणिया निवासी बजरंग हैं। गोलूवाला थाना प्रभारी ओमप्रकाश सुथार ने बताया कि मृतक युवक के परिवारजन झारखंड से फ्लाइट द्वारा नई दिल्ली पहुंच गए हैं।उनके देर शाम श्रीगंगानगर पहुंचने की संभावना है। तत्पश्चात शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। घायलों में बजरंग के काफी चोटें लगी हैं जबकि बाकी तीन युवकों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। यह भीषण दुर्घटना आज सुबह लगभग 5 बजे खूनी चक में जीआर ग्लोबल अकैडमी शिक्षण संस्था के मेन गेट के पास हुई। बताया जा रहा है कि सुबह सवेरे हल्का कोहरा भी छाया हुआ था। एक वाहन को ओवरटेक करते समय इन युवकों की गाड़ी सामने से कार से टकरा गई। कार चला रहा बजरंग अपनी सीट पर फंस गया। उसके पीछे की सीट पर बैठे मसीहा के काफी गंभीर चोट लगी। पीछे की सीट पर ही रोकी और पुनीत बैठे थे,जो मामूली घायल हो गए। ड्राइवर बजरंग के साथ आगे की सीट पर रिडमलसर निवासी धीरज बैठा था,जिसने सीट बेल्ट लगाई हुई थी। इस कारण उसका भी बचाव हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव लूणिया निवासी विनोद बिश्नोई गुरुग्राम में एक प्राइवेट कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। कल रात उसकी शादी पंजाब के फाजिल्का जिले में अबोहर स्थित सेलिब्रेशन पैलेस में धूमधाम से संपन्न हुई। शादी में गुरुग्राम से उसके दोस्त मसीहा,पुनीत और रॉकी भी आए हुए थे। यह युवक कल दिन लूणिया से बारात के साथ ही अबोहर गए।रात को फेरे होने के बाद सुबह लगभग 4 बजे वापिस लूणिया रवाना हुए। करीब 5 बजे यह दुर्घटना हो गई। घायल हुए धीरज के भाई विजेंद्र ने बताया कि आज सुबह बजे समूठनी की रस्म चल रही थी तभी 5:20 बजे खुद धीरज ने फोन कर बताया कि कार का एक्सीडेंट हो गया है। इस पर वह लोग तुरंत ही घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।इस बीच सूचना दिए जाने पर आपात काल सेवा 108 की एंबुलेंस मौके पर पहुंची,जिसने सभी पांच घायल युवकों को श्रीगंगानगर जिला अस्पताल पहुंचाया। आज के दौरान मसीहा की कुछ ही देर बाद मृत्यु हो गई। उसके शव को मुर्दाघर में सुरक्षित रखा गया है। थाना अधिकारी ने बताया कि दूसरी कार घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त हालत में मिली है। इसमें कौन लोग सवार थे और उनको कोई चोट आई है या नहीं, अभी इसका पता नहीं चला। कार नंबर से पता लगाया जा रहा है कि इसका मालिक कौन है और दुर्घटना के समय इसमें कौन लोग सवार थे। इस दुर्घटना से शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। दूल्हा विनोद आज सुबह लूणिया में दुल्हन को छोड़कर वापिस श्रीगंगानगर अपने घायल परिवारजनों और दोस्तों के लिए आ गया।विनोद के बड़े भाई दीपेंद्र की भी आज रात हनुमानगढ़ जिले के रावतसर में शादी है। दीपेंद्र सूरतगढ़ थर्मल पावर प्लांट में सहायक अभियंता है। परिवारिक सूत्रों के अनुसार शादी का यह आयोजन भी इस हादसे के दुख के कारण सादगी पूर्ण किया जाएगा।