Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

प्याज की आड़ में पोस्त की तस्करी, दो गिरफ्तार

  • 89 किलोग्राम मादक पदार्थ सहित ट्रक जब्त, जोधपुर से पंजाब में होना था स्पलाई
    श्रीगंगानगर (सीमा संदेश)।
    जिला पुलिस ने जैतसर और मुकलावा थाना क्षेत्र में नशे के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए डोडा पोस्त व अफीम बरामद की है। एसपी आनंद शर्मा के अनुसार जैतसर एसएचओ विक्रम चौहान ने पहली कार्रवाई की। इसमें जोधपुर जिले के बाप थाना क्षेत्र के गांव कानासर निवासी बुधाराम(33) पुत्र रूघनाथराम और विकास(32) पुत्र सहीराम को गिरफ्तार किया गया। अफसरों ने बताया कि गश्त के दौरान ट्रक चालक पुलिस को देखकर बचने का प्रयास करने लगा। संदिग्धता के चलते पुलिस ने ट्रक रूकवा लिया और तलाशी ली। तलाशी में प्याज की आड़ में छुपाकर रखा हुआ 89 किलो डोडा पोस्त डंठल बरामद हुआ। पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए उक्त दोनों पर एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में इस्तेमाल हो रहा ट्रक व पोस्त जब्त कर लिया। प्रथम दृष्टया पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे जोधपुर से पोस्त लेकर आए थे, जिसे पंजाब में सप्लाई किया जाना था। मादक पदार्थ की खरीद फरोख्त संबंधी जानकारी जुटाने के लिए आगामी अनुसंधान राजियासर थानाधिकारी पवन कुमार के सुपुर्द किया गया है। कार्रवाई में एसएचओ सहित हवलदार सज्जन कुमार, श्रवण कुमार, रामचंद्र और रणवीर शामिल थे।
    140 ग्राम अफीम बरामद
    अवैध मादक पदार्थाें के विरूद्ध दूसरी कार्रवाई मुकलावा थाने की पुलिस ने की। यहां पुलिस ने गश्त के दौरान चक- तीन टीके रोही से करड़वाली निवासी सुनील कुमार उर्फ बंटी(21) पुत्र ओमप्रकाश को 140 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया। युवक पर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच श्रीविजयनगर थानाधिकारी रामनारायण के सुपुर्द कर दी। कार्रवाई में एसएचओ मलकीयत सिंह, सिपाही मनीष कुमार, रवींद्रपाल, विजय कुमार और महेश कुमार शामिल रहे।