Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

लोग बोले साहब शाम होते ही लगता है हम युक्रेन में रह रहे

सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर।
शहर के नजदीक चक 6 जैड में साढे 4 करोड़ रुपए की लागत से कचरा संग्रहण केन्द्र पर लगाए जाने वाले प्लांट का विरोध तेज हो गया है। इसके विरोध में करीब एक दर्जन कॉलोनियों के बाशिन्दों ने सोमवार को कलक्टर और आयुक्त के समक्ष रोष प्रकट किया। कलक्टर से मुलाकात कर नगरपरिषद पहुंचे करीब पांच दर्जन लोगों ने आयुक्त से कहा कि कचरा संग्रहण केन्द्र व इसके आस-पास हालात काफी खराब है। रात के समय यहां आए दिन होने वाली आगजनी को देखकर लगता है जैसे भारत में नहीं युक्रेन में रह रहे हो और हमें आग ने घेर रखा हो।
लोगों का कहना था कि पहले नेतेवाला में यह प्लांट लगाना था। परन्तु गांव के लोगों के विरोध के कारण इसे रोक दिया गया। यहां के लोगों द्वारा नेतेवाला की तरह विरोध नहीं किया इसलिए यह प्लांट यहां लगाया जा रहा है परन्तु ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।
लोगों ने कहा कि अगर 20 तारीख तक 6 जैड में चल रहे कचरा संग्रहण केन्द्र को यहां से नहीं हटाया गया तो 21 तारीख से यहां आने वाली नगरपरिषद की गाड़ियों को बीच रास्ते में ही रोक महापड़ाव डाला जाएगा।
लोगों ने कहा कि अगर नगरपरिषद प्लांट लगाना ही चाहती है तो शहर में बड़ी जगह है कहीं भी प्लांट लगा ले कोई आपत्ति नहीं है। इस पर आयुक्त ने कहा कि उनके पास कोई जगह नहीं है। पूर्व में भी जो जगह उपलब्ध करवाई गई है। वह जगह भी कलक्टर ने उपलब्ध करवाई है।
अगर प्रशासन कोई और जगह उपलब्ध करवा देगा तो प्लांट वहां लगवा देंगें। इस दौरान लोगों ने आयुक्त को 20 अप्रेल तक कचरा संग्रहण केन्द्र को बन्द करने की मांग को लेकर एक मांग पत्र भी सौंपा। जिसमें बड़ी संख्या में कचरा निस्तारण प्लांट के विरोध में हस्ताक्षर किए हैं।