Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पर्यावरण संरक्षण से ही प्रगति को बचाया जाना संभव : कलक्टर

सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रविवार सुबह कलक्टरेट परिसर स्थित जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, नगर परिषद स्थित ईवीएम वेयरहाउस और मटका चौक स्थित राजकीय बालिका विद्यालय में जिला कलक्टर रुक्मणि रियार सिहाग ने पौधारोपण किया। उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक के विकल्प अपनाने का भी संकल्प लिया।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों और विद्यार्थियों से अधिकाधिक संख्या में पौधारोपण का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण से ही प्रगति को बचाया जाना संभव है। बालिका विद्यालय में विद्यार्थियों से पर्यावरण दिवस के बारे में जानकारी लेते हुए जिला कलक्टर ने पूछा कि पेड़-पौधों से हमें कौन-कौन सी वस्तुएं मिलती हैं, साथ ही उन्होंने बालिकाओं से पेड़-पौधों का संरक्षण करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक बालिका एक-एक पौधा अवश्य लगाए। पर्यावरण असंतुलन को दूर करने के लिये हम सभी को मिलकर अपने आसपास और समाज में पर्यावरण संरक्षण के लिए गंभीर जागरूकता लानी होगी। इसके लिए सभी न केवल अधिक से अधिक पौधारोपण करें अपितु पूर्व में लगाए गए पौधों का संरक्षण भी करें।
जिला कलक्टर ने 1 जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक से बने उत्पादों पर प्रतिबंध प्रभावी होने की जानकारी देते हुए आह्वान किया कि बेहतर स्वास्थ्य व बेहतर पर्यावरण के लिए प्लास्टिक के विकल्प जैसे कि जूट या कपड़े के थैले, स्टील के चम्मच का या बर्तन सहित अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने का सभी संकल्प लें।
एडीएम प्रशासन डॉ. हरीतिमा, एडीएम सतर्कता कमला अलारिया, जिला परिषद सीईओ मोहम्मद जुनेद, एसडीएम मनोज कुमार मीणा, सीएमएचओ डॉ. गिरधारी लाल मेहरडा, डीएसओ सुरेश कुमार, हरीश मित्तल, विजय कुमार, रणजीत सिंह, गिर्राज प्रसाद मीणा, रमन असीजा सहित अन्य अधिकारी और बालिका विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।