नशे के चलते बढ़ रहे अपराधों के प्रति जागरूकता के लिए निकाली रैली
by seemasandesh
जिला पुलिस अधीक्षक ने दिखाई हरी झंडी, संकल्प फाउंडेशन का कार्यक्रम हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। नशे के चलते बढ़ रहे अपराधों के प्रति जागरूकता लाने के लिए संकल्प फाउंडेशन की ओर से सोमवार को जंक्शन में रैली निकाली गई। रैली में विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। रैली के दौरान जंक्शन पुलिस, यातायात पुलिस कर्मी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम भी साथ रही। यह रैली हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी और खुंजा क्षेत्र में निकाली गई। रैली को शिव कुटिया के पास से जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयसिंह राठौड़ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा, यातायात प्रभारी अनिल चिन्दा, संकल्प फाउंडेशन जिलाध्यक्ष दिनेश दाधीच, महासचिव विजयसिंह चौहान आदि मौजूद रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि युवा पीढ़ी में नशे की प्रवृत्ति बढ़ी तेजी से फैल रही है। यह स्थिति चिंताजनक है। अगर हम अभी गंभीर नहीं हुए तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। साथ ही कहा कि कैंसर जैसी बीमारी को भी खत्म करने के लिए युवा पीढ़ी को जागरूक करना होगा। रैली में शामिल बच्चों ने नारों के माध्यम से आमजन को नशामुक्त हनुमानगढ़ को लेकर जागरूक किया। संकल्प फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष दिनेश दाधीच ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के उद्देश्य से रैली निकाली गई है। भविष्य में कॉलेज-स्कूलों में संकल्प फाउंडेशन की ओर से इस तरह के कार्यक्रम करवाए जाएंगे ताकि हनुमानगढ़ जिले में तेजी से पांव पसार रहे नशे से निजात दिलाई जा सके। लोगों में जागरूकता आए। युवा पीढ़ी नशे से दूर हो। नशा करने के दुष्परिणामों के बारे में उन्हें पता चले। बच्चे अपने माता-पिता व आसपास के लोगों से नशे के विरूद्ध बात करें। क्योंकि बच्चों की बात को उनके परिवार के सदस्य मानते भी हैं। साथ ही कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही नशे को समाप्त किया जा सकता है। इस मौके पर रामनिवास मांडण, ललित सोनी, गुरबचन कौर, पूर्व पार्षद राजेश मदान, रामस्वरूप भाटी, मुकेश कुमार गुप्ता, संतोष कुमार वर्मा, राकेश सहारण, विशाल सारस्वत, रोबिनसिंह आदि मौजूद रहे।