Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पुलिस के हत्थे चढ़े साइकिल चोर, 33 साइकिलें बरामद

  • क्षेत्र में साइकिल चोरी की मिल रही शिकायतों के बाद गठित पुलिस टीम के हाथ लगी सफलता
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन पुलिस टीम ने सफलता हासिल करते हुए महंगी साइकिलें चोरी करने के आरोप में दो जनों को गिरफ्तार किया है। यह सफलता क्षेत्र में साइकिल चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद गठित पुलिस टीम के हाथ लगी। साइकिल चोरी के संबंध में दो दिन पहले ही जंक्शन पुलिस थाना में एक अधिवक्ता की ओर से दो नामजद व अन्य जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया था। इन चोरों से पुलिस ने अधिवक्ता की साइकिल के साथ चोरीशुदा कुल 33 साइकिल बरामद कर ली है। अब पुलिस साइकिल मालिकों का पता लगा रही है। जंक्शन थाना प्रभारी अरुण चौधरी ने बताया कि जंक्शन थाना क्षेत्र में पिछले काफी समय से साइकिल चोरी की वारदातें हो रही थीं। इस पर चोरीशुदा साइकिलों की बरामदगी के लिए थाना स्तर पर एएसआई शिवनारायण के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। इसी दौरान मंगलवार को एडवोकेट कैलाश सुथार पुत्र रुलीराम सुथार निवासी वार्ड 49, गांधीनगर ने मुकदमा दर्ज करवाया कि 8 अगस्त को शाम करीब 6 बजे उसकी साइकिल विनय वाटिका पार्क के आगे से चोरी हो गई थी। उसने अपने स्तर पर पड़ताल की तो पता चला कि बिना नम्बरी बाइक पर आए कन्हैया निवासी मुखर्जी कॉलोनी टाउन, मिथलेश बिहारी निवासी बिहारी कॉलोनी टाउन व दो अन्य लड़के उसकी साइकिल चोरी कर ले गए। मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल राजकुमार सिहाग के सुपुर्द की गई। भरसक प्रयास के बाद इस मामले में मिथिलेश (22) पुत्र दिलीप मंडल निवासी बिहारी मोहल्ला, टाउन व कन्हैयालाल (19) पुत्र भोला मंडल निवासी मुखर्जी कॉलोनी, टाउन को गिरफ्तार किया गया। दोनों की निशानदेही पर चूना फाटक के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी कुल 33 साइकिल बरामद की गई। सभी साइकिलों को 102 सीआरपीसी में जब्त करने की कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी चौधरी के अनुसार साइकिल मालिकों का पता चलाया जा रहा है। साथ ही साइकिल चोरी की वारदातों में संलिप्त अन्य लोगों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्रवाई में हैड कांस्टेबल राजकुमार सिहाग की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम में कांस्टेबल दलीप, नरेश कुमार व सुरेश कुमार शामिल थे।