मोगा। हथियारबंद बदमाशों ने यहां दिनदहाड़े बड़ी वारदात की है। गांव महेशरी में ज्वेलर बलराज सिंह की दुकान में घुसकर उनके जमकर लूटपाट की। वे लाखों रुपये के सोने चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए हैं।
बलराज की दुकान उनके घर के बाहर ही हैं। दोपहर में जब वे दुकान से घर के अंदर खाना खाने जाने लगे तभी दो मोटरसाइकिल सवार युवक मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्वर्णकार से सोने का कड़ा दिखाने की बात कही। बलराज ने यह कहते हुए मना कर दिया कि उनके पास कड़ा नहीं है। यह कहकर जैसे ही वह घर की तरफ मुड़े तभी साथ एक युवक ने पिस्तौल की बट उनके सिर में मार दी। उसने कहा कि जो कुछ भी उनके पास है, वह उन्हें दे दे। देखते ही देखते उसका दूसरा साथी दुकान और अलमारी में रखे जेवरात समेटने लगा। अलमारी से करीब 8 किलो चांदी, सोने के जेवरात एवं करीब 12000 रुपये लूटकर बदमाश मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची, कुछ देर बाद एसपी गुलनीत सिंह खुराना मौके पर पहुंचे उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी लेने के बाद पुलिस टीमों का गठन कर लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए रवाना कर दी।