Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अनसुलझे व लंबित मामलों पर चर्चा, निस्तारण के दिए दिशा-निर्देश

  • जिला पुलिस अधीक्षक ने ली जिले भर के पुलिस अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में शनिवार को आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयसिंह राठौड़ ने सभी थाना प्रभारियों को अपराध पर लगाम कसने को कहा। उन्होंने अपराध और अनुसंधान की समीक्षा करते हुए क्राइम कंट्रोल पर विशेष दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने सायबर क्राइम पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधिकारियों को और अधिक सख्ती बरतने के निर्देश दिए। पेंडेंसी कम करने के उद्देश्य से सभी सुपरविजन अधिकारी एवं थाना व चौकी प्रभारियों से सभी अनसुलझे व लंबित मामलों पर चर्चा कर निस्तारण के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। थानों में वर्षांे से लंबित पड़े मामलों का जल्द निपटारा करने की बात कही। साथ ही अधिकारियों को नसीहत दी कि वे थाने में शिकायत लेकर आने वालों के साथ अच्छा व्यवहार करें। वहीं चिट्टा, जुआ, सट्टा, शराब, पोस्त आदि के अवैध परिवहन जैसे अवैध कार्य पूरी तरह से बंद हो जाने संबंधी सख्त हिदायत भी दी। मीटिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक की ओर से महिला संबंधी अपराधों में पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी किए गए निर्देशों तथा महिला संबंधी रिपोर्ट एवं शिकायत पत्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के कड़े निर्देश दिए गए। थाना प्रभारियों को अपने अधिनस्थों पर नियंत्रण रखने एवं आगंतुकों से शालीनता पूर्वक व्यवहार करने, महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गांे से संबंधित मामलों का त्वरित निराकरण करने दिए निर्देश। एसपी डॉ. राठौड़ ने थानावार सभी थाना प्रभारियों से उनके क्षेत्र में हुए गंभीर अपराधों की जानकारी लेते हुए उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी निर्देश दिए कि गुंडे बदमाशों के खिलाफ भी सख्ती के साथ कार्रवाई की जाए। पीड़ित लोगों की बिना किसी देरी के तत्परता के साथ सुनवाई की जाए। क्राइम मीटिंग में एसपी ने जहां पेडिंग पड़े गंभीर अपराधों का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए वहीं लूट, छीनाझपटी व वाहन चोरी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करने के आदेश भी दिए। एसपी ने कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में होने वाली लूट, छीनाझपटी व वाहन चोरी की घटनाओं की न सिर्फ एफआईआर दर्ज करें बल्कि मुल्जिमों को ट्रेस करने के लिए टीम बनाकर कार्रवाई भी करें। इस तरह के कई प्रशासनिक मुद्दों पर क्राइम मीटिंग में चर्चा की गई। मीटिंग में एएसपी जस्साराम बोस, नीलम चौधरी, सीओ प्रशांत कौशिक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद थे।