सांसद ने पीएसए आक्सीजन जनरेशन प्लांट व भटनेर दुर्ग का किया निरीक्षण
by seemasandesh
आक्सीजन जनरेशन प्लांट के निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के दिए निर्देश
सांसद बोले- विश्व मानचित्र पर लाने के लिए पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा भटनेर दुर्ग हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। श्रीगंगानगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद निहालचन्द ने शनिवार को हनुमानगढ़ टाउन के एमजीएम राजकीय जिला चिकित्सालय में प्रधानमंत्री राहत कोष के अंतर्गत निमार्णाधीन पीएसए आॅक्सीजन जनरेशन प्लांट का निरीक्षण किया। 1 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से निमार्णाधीन पीएसए आॅक्सीजन जनरेशन प्लांट का निरीक्षण कर सांसद ने निर्माण कार्यांे को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सांसद ने जिला अस्पताल में श्री अमरनाथ सेवा समिति की ओर से संचालित धर्मशाला का भी अवलोकन किया। धर्मशाला में समिति की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही व्यवस्थाओं की तारिफ की। इसके बाद सांसद निहाल चन्द ने ऐतिहासिक भटनेर दुर्ग का भी दौरा कर भारतीय पुरातात्विक सर्वेक्षण भारत सरकार की ओर से किए जा रहे संरक्षण व विकास कार्यों का निरिक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सांसद दोनों ही स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्यों से संतुष्ट नजर आए। प्लांट व भटनेर दुर्ग का निरीक्षण करने के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए सांसद निहालचन्द ने बताया कि हनुमानगढ़ टाउन के एमजीएम राजकीय जिला चिकित्सालय में 1 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से निमार्णाधीन पीएसए आॅक्सीजन जनरेशन प्लांट स्थापित होगा। इस प्लांट का निर्माण प्रधानमंत्री राहत कोष के अंतर्गत हो रहा है। इस पीएसए (प्रेशर स्विंग ऐड्सॉर्प्शन) की चिकित्सा आॅक्सीजन उत्पादन संयंत्र की क्षमता 1 हजार लीटर आॅक्सीजन प्रतिदिन है, जिससे 195 आॅक्सीजन सिलेंडरों को भरा जा सकेगा। इस संयंत्र के जरिए आॅक्सीजन की सीधे सप्लाई जिला अस्पताल को की जाएगी। इस संयंत्र की स्थापना के बाद जिला हनुमानगढ़ आॅक्सीजन उत्पादन के मामले में आत्मनिर्भर हो जाएगा और कोरोना महामारी या अन्य किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेगा। सांसद ने बताया कि केन्द्र सरकार की ह्यस्वदेश दर्शन स्कीमझ् के तहत भटनेर दुर्ग को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए बजट जारी किया गया है। वह रुपए एनओसी जारी नहीं करने की वजह से रूके पड़े हैं। तीन करोड़ की डीपीआर भी भेजी थी। छह करोड़ रुपए मंजूर किए थे। लेकिन आधे पैसे लगे हैं। उसकी भी जांच करवाई जाएगी। पूरे भटनेर दुर्ग की डीपीआर बनाकर भेजी जाएगी। उसमें जितना पैसा लगेगा वह केन्द्र सरकार अपने खजाने से देगी। सांसद ने बताया कि कालीबंगा में मोहनजोदड़ो की 5000 साल पुरानी सभ्यता के अवशेष मिले हैं। वहां खुदाई के दौरान निकले पुरातन सभ्यता के अवशेष पुरातत्व विभाग ने दिल्ली शिफ्ट कर दिए थे। इस पर उन्होंने पैनोरमा का निर्माण करवाया। उन्होंने सांसद कोटे से पैनोरमा के लिए 50 लाख रुपए दिए। इसके बाद दिल्ली से वापस पुरातन सभ्यता के अवशेष कालीबंगा में शिफ्ट करवाए गए हैं। अभी भी कुछ सामान दिल्ली में है। वह भी वापस लाया जाएगा। इसके बाद कालीबंगा को पर्यटन के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि पर्यटकों को पुरातन सभ्यता के अवशेष देखने का मौका मिले। कालीबंगा के साथ ही भटनेर दुर्ग को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कर विश्व मानचित्र पर लाने का पूरा प्रयास केन्द्र सरकार की ओर से किया जाएगा। जिले के रावतसर व पल्लू में भी मिले पुरातन सभ्यता के अवशेषों की सार-संभाल नहीं होने के सवाल के जवाब में सांसद ने कहा कि हनुमानगढ़ का इलाका सीमावृति क्षेत्र का इलाका है। इस कारण यहां विकास की योजनाएं बनाना और पैसा लाना सरकारों के साथ सबके लिए थोड़ा मुश्किल का काम है। क्योंकि बड़ी मुश्किल से डीपीआर तैयार होती है। लेकिन फिर भी कुछ दिन पहले केन्द्र सरकार के पर्यटन विभाग के अधिकारी यहां आए थे। उन्होंने कालीबंगा सभ्यता व भटनेर दुर्ग का अवलोकन किया था। सांसद ने कहा कि जिले में अन्य जगहों पर भी मिली पुरातत्व काल के अवशेषों की सार-संभाल की जाएगी। साथ ही जिले में कौन-कौनसी जगहें पर्यटन के रूप में विकसित हो सकती हैं, उस संबंध में भी मंत्री दौरा कर घोषणा करेंगे। धान की एमएसपी पर खरीद को लेकर सांसद निहालचन्द ने कहा कि इसके लिए वे प्रयासरत हैं। उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा है कि केन्द्र सरकार की ओर से तय एमएसपी पर धान की खरीद की जा सकती है। अगर राजस्थान की सरकार, केन्द्र सरकार को यह सिफारिश कर दे कि धान की फसल एमएसपी पर खरीदें तो यहां उत्पादित होने वाले 3 लाख मेट्रिक टन धान की खरीद केन्द्र सरकार कर सकती है। निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई, पूर्व चेयरमैन अमरसिंह राठौड़, भाजपा नेता अमित सहू, टाउन भाजपा नगर मण्डल अध्यक्ष प्रदीप ऐरी, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दीपक खाती, सावन पाइवाल आदि सांसद के साथ थे।