पिछले चार साल से काम से ना होने और बीमारी से जूझ रहीं टीवी एक्ट्रेस शगुफ्ता अली ने कुछ राहत की सांस ली है। उनकी मदद के लिए फिल्ममेकर रोहित शेट्टी आगे आए हैं और उन्होंने शगुफ्ता को कुछ आर्थिक मदद भी की है। इस बात की जानकारी इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट अशोक पंडित ने दी।
उन्होंने एक इंटरव्यू में इस बारे में बताते हुए कहा, ‘जब मुझे शगुफ्ता अली की फाइनेंशियल परेशानियों के बारे में पता चला तो मैंने उनसे संपर्क किया और ये जानने की कोशिश की कि हम उनकी किस तरीके से मदद कर सकते हैं। उनकी बातें सुनने के बाद मैंने रोहित शेट्टी से बात और वो शगुफ्ता जी की मदद करने की बात तुरंत मान गए। उन्होंने काफी बढ़िया अमाउंट देकर मदद की है और हम उनके बेहद शुक्रगुजार हैं। मैं इंडस्ट्री में कई और लोगों से संपर्क कर रहा हूं और मुझे काफी अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।
शगुफ्ता अली ने कहा धन्यवाद
एक इंटरव्यू में शगुफ्ता ने भी इस बात की पुष्टि करते हुए रोहित शेट्टी को धन्यवाद कहा। उन्होंने कहा, सबकुछ जल्दी हो गया, मैं उनकी बहुत आभारी और शुक्रगुजार हूं। उन्होंने मेरे लिए जो भी किया, भगवान उसके लिए उनका भला करे।वह मुझसे कभी नहीं मिले, ना ही हमारा कभी आमना-सामना हुआ,मैंने उनसे कभी फोन पर भी बात नहीं की, वो सामने आए और उन्होंने मेरे लिए इतना बड़ा काम कर दिया।मैं उनका जितना आभार व्यक्त करूं,कम है। डॉक्टर अभी बिजी हैं तो मैं अगले हफ्ते उनके पास जाऊंगी, मेरा ट्रीटमेंट अगले हफ्ते शुरू हो जाएगा।