श्रीगंगानगर। केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र में सीमावर्ती चक 4-ओ(लखियां) के पास कल देर रात को दो कारों में सवार छह-सात बदमाश अमृतसर के लिए बुक करवा कर मंगवाई नई अर्टिको गाड़ी चालक से लूट कर फरार हो गए। कल रात 9:30 बजे घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी करवाई लेकिन तब तक बदमाश कार को श्रीगंगानगर से होते हुए पंजाब की तरफ भगा ले गए। बदमाशों में 2-3 सिख युवक भी शामिल हैं, जिनके पास हथियार भी थे। सभी पंजाबी बोल रहे थे। पुलिस ने कार चालक विनोद निवासी चक 9-एफ द्वारा दी गई रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक विनोद के पास 2020 मॉडल की अर्टिको कार (आरजे 13 यूए 9792) है,जिसे वह टैक्सी के रूप में चलाता है। कल रविवार को वह कार लेकर गजसिंहपुर थाना क्षेत्र में चक 57-एफ गया हुआ था। शाम करीब 5 बजे उसके पिता भागीरथ को किसी ने फोन करके कहा कि अमृतसर जाने के लिए शाम को उन्हें कार की जरूरत है। फोनकर्ता ने कार श्रीकरणपुर भेजने का कहा। भागीरथ ने फोन कर विनोद को देर शाम श्रीकरणपुर जाने के लिए कह दिया। विनोद रात्रि लगभग 9बजे श्रीकरणपुर पहुंचा तो फोनकर्ता ने सीधे उसे कॉल की और चक 4-ओ में गाड़ी लेकर आने के लिए बोला। करीब 9:30 बजे विनोद वहां पहुंचा तो बाहर मेन रोड पर ही स्विफ्ट और वैगनआर गाड़ियों के पास 6-7 युवक खड़े थे। उन्होंने विनोद को गाड़ी से बाहर निकाल लिया। एक युवक ने चाबी छीन ली और गाड़ी लेकर फरार हो गया। बाकी युवकों ने तेज धार वाली गंडासी व अन्य हथियारों से विनोद को मारने की कोशिश की लेकिन वह भाग निकला। अंधेरा होने के कारण वह बदमाशों के पकड़ में नहीं आया। बाद में बदमाश स्विफ्ट और वैगनआर कार में लूटी हुई कार के पीछे ही श्रीगंगानगर की तरफ भाग गए।
विनोद द्वारा सूचना दिए जाने पर पूरे जिले में और साथ लगती पंजाब की अंतराज्यीय सीमा पर नाकाबंदी करवाई गई लेकिन तब तक बदमाश गाड़ी लेकर राजस्थान सीमा पार कर गए थे। कुछ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में गाड़ी श्रीगंगानगर से निकलते दिखाई दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार वह मोबाइल नंबर लगातार बंद है, जिससे विनोद को फोन कर पहले श्रीकरणपुर और बाद में जब चक 4-ओ गाड़ी लेकर आने के लिए कहा गया था। इस नंबर का सिम कार्ड किसे जारी हुआ है, पुलिस का साइबरसेल इस पर काम कर रहा है।
हनुमानगढ़ से सालासर गए दंपति की कार छीनी
इस बीच हनुमानगढ़ जंक्शन से चुरू जिले में सालासर कस्बे में बालाजी मंदिर के दर्शन करने गए एक दंपति की तीन चार अज्ञात व्यक्तियों ने खुद को बैंक का रिकवरी एजेंट बताकर गाड़ी छीन ली और कुछ खाली कागजातों पर हस्ताक्षर करवा लिए। जंक्शन थाना पुलिस के अनुसार सिविल लाइंस निवासी बसंती पत्नी जगदीश द्वारा दी गई रिपोर्ट पर कल देर रात को तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ बिना नंबरी मुकदमा दर्ज किया गया, जिसे विधिवत रूप से दर्ज किए जाने के लिए सालासर थाना को भिजवाया गया है। पुलिस के मुताबिक बसंती और उसका पति जगदीश विगत शनिवार को सालासर गए थे। कल रविवार सुबह वहां से वापस रवाना हुए तो सालासर से निकलते ही ओवर ब्रिज के पास एक गाड़ी में आए तीन चार व्यक्तियों ने उन्हें रोक लिया। खुद को बैंक का रिकवरी एजेंट बताते हुए इन व्यक्तियों ने कहा कि गाड़ी फाइनेंस की ईएमआई बकाया है। इसलिए वे गाड़ी लेकर जाएंगे। बसंती के मुताबिक उन्होंने श्रीगंगानगर में जिस बैंक शाखा से गाड़ी फाइनेंस करवाई है, वहां के एक अधिकारी का हवाला देकर कहा कि बकाया ईएमआई जल्दी जमा करवा दी जाएगी।इस अधिकारी से हमारी बात हो चुकी है, लेकिन उक्त तीन चार व्यक्तियों ने उनकी गाड़ी जबरदस्ती अपने कब्जे में कर ली। डरा धमका कर कुछ खाली कागजातों पर हस्ताक्षर भी करवा लिए। पुलिस के अनुसार बसंती ने आशंका जताई है कि गाड़ी ले जाने वाले बदमाश लुटेरे भी हो सकते हैं।इस रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर सालासर थाना पुलिस को भेजा गया है घटना की जांच सालासर पुलिस करेगी।