नई दिल्ली
भारत सहित दुनिया के तमाम देशों में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के मामले बढ़ते जा रहे हैं। देश के 12 राज्यों में अब तक 150 से अधिक लोगों में कोरोना के इस नए वैरिएंट के संक्रमण की पहचान हो चुकी है। ओमिक्रॉन वैरिएंट के बारे में विस्तार से जानने के लिए वैज्ञानिक अध्ययन कर रहे हैं, चूंकि अब तक इसके लक्षणों के बारे में ज्यादा पता नहीं चल सका है, ऐसे में संक्रमितों में इसके निदान के लिए जीनोम सिक्वेंसिंग कराने की जरूरत पड़ रही है। हालांकि अब ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमण की पहचान आसान होने वाली है। वैज्ञानिकों ने संक्रमण के निदान के लिए एक खास किट तैयार की है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के वैज्ञानिकों ने कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट का पता लगाने के लिए एक विशेष किट तैयार की है। वैज्ञानिकों का दावा है कि इस किट के माध्यम से ओमिक्रॉन संक्रमितों का आसानी से पता लगाया जा सकेगा। संस्थान ने इस किट के विकास तथा व्यवसायीकरण के लिए इन विट्रो डायग्नोस्टिक्स (आईवीडी) किट निर्माताओं से अभिरुचि पत्र आमंत्रित किया है। आइए आगे की स्लाइडों में इस बारे में विस्तार से जानते हैं।