बीकानेर.
जिले में अवैध रूप से बायो डीजल की बिक्री हो रही है। गुरुवार को जिला रसद अधिकारी के अधिकारियों ने जब शोभाणा-भादला रोड पर एक बायोडीजल पंप का निरीक्षण किया तो उन्हें कुछ ऐसा ही देखने को मिला।
रसद अधिकारी भागुराम महला ने बताया कि उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण करने के दौरान गुरुवार को शोभाणा-भादला रोड पर ग्राम शोभाणा तहसील नोखा में संचालित एक बायो डीजल पंप का निरीक्षण किया। मौके पर जांच करने पर पंप का बायोफ्यूल प्राधिकरण जयपुर से पंजीयन होना नही पाया गया। उन्होंने बताया कि उपस्थित सेल्समैन से दस्तावेज मांगे जाने पर किसी प्रकार के दस्तावेज प्रस्तुत नही किए गए, जिससे प्रथम दृष्टया यह पंप अवैध रूप से संचालित होना पाया गया।
उन्होंने बताया कि शासन सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग नवीन जैन के अनुसार जिले में अवैध बायोडीजल पंप पाए जाने पर सीज करने की कार्रवाई करने के निर्देश है। दस्तावेज प्रस्तुत नही किए जाने पर शोभाणा में संचालित विष्णु फ्यूल सेंटर को सील किया गया। मौके पर भंडारित पेट्रो उत्पाद के नमूने लिए गए, जिसको प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। इस कार्रवाई में प्रवर्तन निरीक्षक योगेश चौधरी भी शामिल थे।