जयपुर
नगर निगम ग्रेटर जयपुर की कार्यवाहक महापौर शील धाबाई के निवास पर 3 युवकों ने हमले का प्रयास किया। इस दौरान एक युवक को उनके सुरक्षा गार्ड और ड्राइवर ने पकड़ लिया। युवक के साथ आए दो अन्य युवक वहां से फरार हो गए, जबकि उनकी बिना नंबर वाली मोटर साइकिल वहीं रह गई। पकड़े गए युवक के पास से एक लोहे की राॅड भी बरामद हुई है। घटना की सूचना मिलते ही करणी विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को गिरफ्तार कर बाइक को जब्त कर ले गई।
सिर में लगी चोट
घटना मेयर के अजमेर रोड हीरापुरा स्थित निवास की है। जहां तीन युवक बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। इनमें से एक पिंटू (18) को मेयर निवास के पास ड्राइवर और सुरक्षा गार्ड ने पकड़ लिया। पिंटू ने इस दौरान खुद को छुड़ाने का प्रयास किया, उसके सिर पर चोट लग गई।
पुलिस ने हमले से किया इनकार
करणी विहार थानाधिकारी जयसिंह ने बताया कि हमले जैसी कोई बात नहीं हुई। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया युवक बागरिया है और ये अपने दो साथी के साथ बाइक पर जा रहे थे। तभी इनकी बाइक किसी स्कूटर सवार से टकरा गई। इसके बाद उनका उससे विवाद हो गया। विवाद से बचने के लिए ये युवक भागकर मेयर के पास वाले खाली प्लॉट में कूद गया, जिसे मेयर के सुरक्षा गार्डों ने पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि अभी इस मामले में पूछताछ जारी है। ये लोग बाइक कहां से लाए और लोहे के रॉड क्यों लाए थे।
विरोधियों पर साधा निशाना
मेयर शील धाभाई ने इस घटना के बाद खुद पर हमले की आशंका जताई। उन्होंने इस मामले में अपने विरोधियों पर भी निशाना साधा और कहा कि जिनको मुझसे परेशानी है या जिनके हित मुझसे टकरा रहे होंगे शायद वही ऐसा कर रहे हैं। सीधे तौर पर मेयर ने इस पूरे घटनाक्रम के पीछे अपने विरोधियों का हाथ होने की आशंका जताई है। मेयर ने बताया कि उन पर पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग लोग नजर रख रहे थे। ये बात उनके सुरक्षा गार्डो ने उन्हे बताई। उनके निवास के बाहर भी कुछ लोग चहल-कदमी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 15-20 साल से कभी ऐसा नहीं हुआ, लेकिन पिछले 10 दिन से ये सब हो रहा है।